INDIA

BREAKING: लखनऊ कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 15 छात्रों की जलकर मौत, कई झुलसे

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित सेक्टर-डी में सोमवार को एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत धुएं व लपटों की चपेट में आ गई. हादसे में कम से कम 15  छात्रों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं. राहत और बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के समय भवन में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे. अचानक धुआं फैलने और आग बढ़ने के बाद कई छात्र जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से नीचे कूदने लगे. इस दौरान कई लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से झुलसे छात्रों और अन्य लोगों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि जिस इमारत में आग लगी, उसके निचले दो फ्लोर पर पेट शॉप और गेमिंग जोन संचालित था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी चल रही थी. आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया. रेस्क्यू टीमों ने इमारत की पिछली दीवार तोड़कर अंदर फंसे छात्रों तक पहुंचने का प्रयास किया. हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष उपकरणों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा और घायलों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने मामले की जांच के आदेश भी जारी किए हैं. सीएम ने कहा कि घटना की पूरी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है और इलाके में यातायात का रूट भी बदला गया है. प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पूरे शहर में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और चिंता का माहौल है.