☰
INDIA

BREAKING: मुंबई के लालबाग में 10 मंजिला इमारत में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर तैनात

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क( TNP DESK): मुंबई के लालबाग इलाके में गुरुवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग चिवड़ा गली स्थित पूनम बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर लगी. घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. राहत की बात यह है कि फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है.

सुबह 10:16 बजे मिली आग की सूचना

जानकारी के मुताबिक, पूनम बिल्डिंग ग्राउंड प्लस 10 मंजिला है. गुरुवार सुबह करीब 10 बजकर 16 मिनट पर BMC के मुंबई फायर ब्रिगेड को इमारत में आग लगने की सूचना मिली. इसके बाद दमकल विभाग ने सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर आग को लेवल-1 की श्रेणी में रखा. आग इमारत की सबसे ऊपरी यानी 10वीं मंजिल पर लगी थी. इसके बाद दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की.

दमकल के साथ कई टीमें मौके पर तैनात

आग बुझाने के लिए तीन फायर इंजन, एक फायर टेंडर, दो जेटी, एक हाई राइज फायर फाइटिंग व्हीकल, एक ब्रीदिंग अपरेटस वैन और एक टर्न टेबल लैडर समेत कई उपकरणों को मौके पर लगाया गया है. इसके अलावा मुंबई पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, बीएमसी वार्ड स्टाफ और बेस्ट की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है.

आग लगने के कारणों का पता नहीं

फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर नियंत्रण पाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि, आग किस वजह से लगी और इससे इमारत में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.