टीनपी डेस्क (TNP DESK): उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. रिलायंस फाउंडेशन ने स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस योजना के तहत देशभर के 5,100 प्रथम वर्ष के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाएगी. इनमें 5,000 स्कॉलरशिप अंडरग्रेजुएट और 100 स्कॉलरशिप पोस्टग्रेजुएट छात्रों के लिए निर्धारित हैं. अंडरग्रेजुएट छात्रों को उनकी पूरी पढ़ाई के दौरान कुल 2 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है, जबकि पोस्टग्रेजुएट छात्रों को 6 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी. खास बात यह है कि देश के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में फुल-टाइम डिग्री प्रोग्राम के पहले वर्ष में पढ़ने वाले पात्र छात्र इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं और आवेदन करने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा.
अंडरग्रेजुएट स्कॉलरशिप के लिए छात्रों का चयन मुख्य रूप से उनकी शैक्षणिक योग्यता और आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाएगा. वहीं, पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों के लिए है, जो इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, एनर्जी और लाइफ साइंसेज जैसे भविष्य से जुड़े क्षेत्रों में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं. स्कॉलरशिप के जरिए मिलने वाली आर्थिक मदद के अलावा चयनित छात्रों को कई अन्य अवसर भी दिए जाएंगे. इनमें मेंटॉरशिप, लीडरशिप डेवलपमेंट, नेटवर्किंग और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के साथ बातचीत जैसे अवसर शामिल हैं. इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने करियर और प्रोफेशनल नेटवर्क को मजबूत करने में भी मदद मिल सकती है.
रिलायंस फाउंडेशन पिछले करीब तीन दशकों से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप उपलब्ध करा रहा है. संस्था के अनुसार, अब तक 33,000 से अधिक छात्रों को इस पहल के जरिए सहायता मिल चुकी है. पिछले वर्ष चुने गए 5,100 छात्र देश के 27 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों के 1,350 संस्थानों से थे. इस साल भी देशभर के पात्र छात्रों को योजना का लाभ लेने का अवसर दिया जा रहा है. इच्छुक और योग्य छात्र रिलायंस फाउंडेशन की आधिकारिक स्कॉलरशिप वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. छात्रों को आवेदन करने से पहले पात्रता, जरूरी दस्तावेज और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है.
