TNP DESK:महाराष्ट्र के पुणे शहर के हिंजवड़ी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शुरुआती जांच के अनुसार, कथित प्रेम प्रसंग और लव ट्रायंगल के चलते एक पीजी में हिंसक वारदात हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह घटना हिंजवड़ी स्थित एक सात मंजिला पेइंग गेस्ट (पीजी) भवन में हुई. मृतक की पहचान सागर गायकवाड़ के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ दिनों से पीजी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था. पुलिस के अनुसार, सागर ने करीब चार दिन पहले ही वहां अपनी जिम्मेदारी संभाली थी.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले एक युवती उसी पीजी में रहने के लिए पहुंची थी. उसने एक महीने के लिए कमरा लिया था. बताया जाता है कि कमरे की व्यवस्था सागर ने कराई थी. जांच में सामने आया है कि युवती और सागर एक-दूसरे के संपर्क में थे.
अगले दिन दोपहर में दिनेश महादेव झांबरे नाम का युवक पीजी पहुंचा. उसने कर्मचारियों से कहा कि वह सागर से मिलने आया है और उसकी परिचित युवती भी उसी पीजी में रह रही है. इसके बाद वह सीधे तीसरी मंजिल पर पहुंच गया, जहां युवती का कमरा था.
कुछ ही देर बाद इमारत में चीख-पुकार सुनाई देने लगी. जब वहां मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सागर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था. आरोप है कि दिनेश लोहे की रॉड से उस पर लगातार हमला कर रहा था. बीच-बचाव की कोशिश के दौरान युवती भी हमले की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दिनेश और घायल युवती एक-दूसरे को स्कूल के दिनों से जानते थे और दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे. बाद में दोनों उच्च शिक्षा के लिए पुणे आए. इसी दौरान युवती की नजदीकियां सागर गायकवाड़ से बढ़ने लगीं. पुलिस को संदेह है कि इसी बात को लेकर आरोपी और सागर के बीच विवाद हुआ, जिसने हिंसक रूप ले लिया.
जांच अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई है. फुटेज में आरोपी को लोहे की रॉड से लगातार वार करते हुए देखा गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सागर पर कई बार हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने आरोपी दिनेश महादेव झांबरे को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया. साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, विवाद कैसे बढ़ा और वारदात की पूरी परिस्थितियां क्या थीं. जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी सभी तस्वीरें स्पष्ट हो पाएंगी.
