टीएनपी डेस्क (TNP DESK): राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. यहां हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा जिले के छापोली गांव में हुआ. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
छापोली गांव में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली रोड़ी मिलाने की मशीन ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गई. मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए. करंट लगने से आठ मजदूरों की जान चली गई. वहीं, चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए.
उदयपुरवाटी के थानाधिकारी रामपाल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान यह हादसा हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घटना की जांच करने को भी कहा है.
राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सड़क का निर्माण जन सहयोग से निजी स्तर पर छोटे पैमाने पर कराया जा रहा था. घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच रही है. उन्होंने कहा कि जांच में किसी तरह की विभागीय या तकनीकी लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
