INDIA

बड़ी खबर:कोलकाता में हादसा, निर्माणाधीन फैक्ट्री का शेड ढहने से 10 की गई जान, 65 घायल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारतला इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक निर्माणाधीन फैक्ट्री-गोदाम का शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था. बताया जा रहा है कि शेड में कुछ तकनीकी समस्या आने के बाद उसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक पूरी टिन शेड तेज धमाके के साथ ढह गई और वहां मौजूद कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बड़ी संख्या में मजदूर गोदाम के अंदर मौजूद थे. शेड गिरने के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार 60 से 65 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है और अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बचाव कार्य में भारी मशीनों और क्रेन की मदद ली जा रही है. लोहे के बीम और टिन संरचनाओं को काटकर मलबे में दबे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है. घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन और मालिक से भी पूछताछ शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है. मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या का पता बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही चल सकेगा.