INDIA

बड़ी खबर: सूरत में भीषण सड़क हादसा! दो बसों की टक्कर में 5 लोगों की मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): गुजरात के सूरत जिले से बड़ी खबर सामने आई है जहां बारडोली के पास उवा गांव में आज एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां महाराष्ट्र पासिंग की दो लग्जरी बसों के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि उनमें से एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस भयानक दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

हादसे के तुरंत बाद पलट गई बस में अचानक भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की गगनचुंबी लपटों की चपेट में आ गई. बस के भीतर आग फैलने के कारण अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस आमने-सामने की टक्कर में दूसरी बस का अगला हिस्सा भी पूरी तरह चकनाचूर हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी.

घटना की जानकारी मिलते ही बारडोली फायर डिपार्टमेंट की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस का भारी काफिला मौके पर पहुंचा. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है. डॉक्टरों के अनुसार कई यात्रियों की स्थिति नाजुक है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है.