☰
INDIA

बड़ी खबर: ट्रेलर में घुसी बोलेरो, 6 की मौके पर ही मौत, जानिए कहां हुआ दर्दनाक हादसा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): गुजरात से सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आ रही है जहां 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. दरअसल, हादसा भावनगर के त्रापज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 6 लोगों ने मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड से जुड़े कर्मचारी थे और दो अलग-अलग प्लॉट में काम करते थे. हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई के रूप में हुई है. वहीं, जयेशभाई नाम का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जयेशभाई को तत्काल भावनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे की खबर फैलते ही अलंग शिपयार्ड और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल हादसे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बोलेरो की रफ्तार कितनी थी और वह ट्रेलर से पीछे से किस परिस्थिति में टकराई. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.