टीनपी डेस्क (TNP DESK): पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है. जंगा वाले मोड़ के पास एक पिकअप गाड़ी और घोड़ा ट्राला के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भयावह दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी में सवार करीब 30 लोग सुबह अपने किसी दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए घर से रवाना हुए थे. रास्ते में एक पंप से पेट्रोल डलवाने के बाद गाड़ी जैसे ही जनगांव वाला मोड़ के पास पहुंची, वहां सड़क के बीच में खड़े एक ट्राले से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई. पिकअप के ऊपर एक अस्थाई छत भी डाली गई थी, जिसके नीचे परिवार के कई सदस्य बैठे हुए थे. टक्कर के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. स्थानीय नागरिकों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उनका इलाज शुरू किया.
आपको बता दें, हादसे की गंभीरता को देखते हुए सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि कई मरीजों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ-साथ इस पूरे मामले की कानूनी जांच में जुट गई है.
