INDIA

बड़ी खबर: हाईवे पर मौत का तांडव! ट्रक में घुसी तेज रफ्तार स्लीपर बस, 6 यात्रियों की मौत, 31 घायल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. वडोदरा-जरोद हाईवे पर कोटंबी गांव के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 अन्य यात्री घायल हो गए.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना तड़के उस समय हुई जब यात्रियों से भरी लग्जरी स्लीपर बस हाईवे से गुजर रही थी. अचानक बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सीटों के बीच फंस गए.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल वडोदरा के सयाजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष अभियान चलाया. बचाव कार्य के दौरान पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी सहयोग किया.

उधर, जरोद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, ताकि हाईवे पर यातायात सामान्य किया जा सके. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.