☰
INDIA

बड़ी खबर: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर वैन, खाटू श्याम से लौट रहे 9 श्रद्धालुओं की मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): राजस्थान के कोटा में रविवार को भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं. हादसे में छोटे बच्चे भी शामिल हैं.

खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, क्रूजर वैन में कुल 16 लोग सवार थे. सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे. दर्शन करने के बाद सभी महाराष्ट्र लौट रहे थे. इसी दौरान नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. सड़क किनारे खड़े ट्रक से वैन की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी.

खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक

बताया जा रहा है कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था. मध्य प्रदेश निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की जांच कर रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर वैन पहले ट्रक चालक को टक्कर मारते हुए ट्रक में जा घुसी. इस हादसे में वैन सवार 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी तेजस्विनी गौतम समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, वाहन में 16 लोग सवार थे और सभी खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे. फिलहाल प्रशासन घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटा है.