INDIA

बड़ी खबर: संसद मार्च के बीच CJP की जेपी नड्डा से हुई मुलाकात, 3 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, क्या निकलेगा समाधान?

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): छात्रों के आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच बातचीत की पहल शुरू हो गई है. पार्टी के प्रतिनिधि आशुतोष और सौरव दास ने सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. CJP का दावा है कि बैठक में छात्रों की मांगों पर चर्चा हुई. हालांकि, सरकार की ओर से बातचीत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. दूसरी ओर, संसद मार्च के दौरान दिल्ली में प्रदर्शन उग्र हो गया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी.

सरकार के सामने रखीं कई प्रमुख मांगें

CJP ने सरकार के सामने कई अहम मांगें रखी हैं. पार्टी ने आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है. इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर लाने, छात्रों की मांगों पर सरकार की स्पष्ट प्रतिक्रिया देने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई गई है.

ढाई दिन बाद अभिजीत दीपके ने खत्म किया अनशन

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने करीब ढाई दिन से जारी अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी. अनशन खत्म करने के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि भी मंच पर मौजूद रहीं. दीपके ने कहा कि अगर सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

संसद मार्च के दौरान बढ़ा तनाव

अनशन खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र और CJP समर्थक जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ने लगे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई जगह बैरिकेड लगाए, लेकिन कुछ लोग उन्हें पार कर आगे निकल गए. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े.

संसद भवन की सुरक्षा बढ़ाई गई

प्रदर्शनकारियों के संसद भवन के करीब पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. संसद के प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए और मुख्य प्रवेश द्वार को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया. उस समय संसद का सत्र चल रहा था और प्रधानमंत्री सहित कई सांसद सदन के भीतर मौजूद थे.

मेट्रो स्टेशन और पार्लियामेंट स्ट्रीट तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गए. वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना क्षेत्र तक पहुंचने की कोशिश की. लगातार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे.

हिरासत को लेकर अलग-अलग दावे

शाम को CJP ने दावा किया कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पार्टी का कहना है कि हिरासत में लिए जाने से पहले उन्होंने सांसदों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की थी. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेने के दावे को खारिज कर दिया है.

बातचीत के नतीजे पर टिकी निगाहें

फिलहाल सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के परिणाम का इंतजार है. अभी तक किसी समझौते या फैसले की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यदि वार्ता से समाधान नहीं निकलता, तो आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है. इसी वजह से राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.