☰
INDIA

बड़ी खबर: बैंक हड़ताल टली! आज खुलेंगे सभी बैंक, जानें क्या हुआ फैसला

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आप बैंक का काम करवाने का सोच रहे है तो आपके लिए बड़ी खबर है. देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है. बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार 27 सितंबर की देर रात इसका ऐलान किया. हड़ताल को लेकर इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच रात करीब 9:30 बजे बैठक हुई, जिसमें बैंक कर्मचारियों की मांगों और दूसरे लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई. बातचीत के बाद यूनियनों ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया. ऐसे में ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की चिंता से राहत मिली है.

हड़ताल टलने के बाद आज यानी 28 सितंबर को सरकारी और निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे. बैंक शाखाओं में रोज की तरह कामकाज जारी रहेगा और ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकेंगे. दरअसल, बैंक कर्मचारी लंबे समय से सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे हैं. UFBU के मुताबिक, IBA की ओर से इस मुद्दे पर बातचीत के लिए हाई लेवल कमेटी बनाने का आश्वासन दिया गया है. यह कमेटी शनिवार की छुट्टी से जुड़े विकल्पों पर चर्चा करेगी और ऐसा समाधान निकालने की कोशिश करेगी, जिसमें बैंक कर्मचारियों के साथ ग्राहकों के हितों का भी ध्यान रखा जाए.

बैठक में बैंक अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम का मुद्दा भी उठा. UFBU ने स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों से जुड़ी इस योजना में बदलाव की मांग की है. यूनियन का कहना है कि सरकार को प्रस्ताव भेजने से पहले उनकी चिंताओं पर चर्चा की जानी चाहिए. इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बातचीत में सामने आए दूसरे लंबित मुद्दों पर भी IBA और UFBU के बीच आगे बातचीत होगी. यानी फिलहाल हड़ताल नहीं होगी, लेकिन कर्मचारियों की मांगों को लेकर बातचीत का दौर जारी रहेगा.