INDIA

जयपुर में आज CJP का बड़ा प्रदर्शन,शहीद स्मारक पर हल्ला बोल

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
जयपुर में आज CJP का बड़ा प्रदर्शन,शहीद स्मारक पर हल्ला बोल

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से यह प्रदर्शन शहीद स्मारक पर आयोजित किया जाएगा. संगठन ने देशभर के छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इसमें शामिल होने की अपील की है. प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़े उन मुद्दों को उठाना है, जिनको लेकर पिछले कुछ समय से लगातार बहस चल रही है.

CJP का कहना है कि यह आंदोलन केवल NEET पेपर लीक के विरोध तक सीमित नहीं है. संगठन के मुताबिक प्रदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बेरोजगारी, CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर छात्रों की चिंताएं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लाखों छात्र और युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन जब परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठते हैं तो उनका भरोसा कमजोर पड़ जाता है.

संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे. उन्होंने कहा है कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रखा जा सकता. इसके लिए सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाना जरूरी है. उनका कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब सरकार और संबंधित संस्थाओं को देना चाहिए.

प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ जरूरी दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं. आयोजकों ने अपील की है कि प्रतिभागी अपने साथ पानी की बोतल, पहचान पत्र, मोबाइल फोन और मौसम को देखते हुए छाता या टोपी लेकर आएं. साथ ही जरूरत पड़ने पर हल्का नाश्ता भी साथ रखने की सलाह दी गई है. संगठन ने कहा है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और सभी लोग अनुशासन बनाए रखें.

CJP ने प्रतिभागियों से यह भी कहा है कि वे अपने साथ छात्रों और युवाओं के मुद्दों से जुड़े पोस्टर, बैनर और तख्तियां ला सकते हैं. हालांकि किसी भी तरह के आपत्तिजनक नारे, हिंसक गतिविधि या विवादित सामग्री की अनुमति नहीं होगी. आयोजकों का कहना है कि आंदोलन का मकसद केवल अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है.

हाल के महीनों में देश के कई हिस्सों में छात्रों और युवाओं ने शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. जयपुर का यह प्रदर्शन भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है. CJP का दावा है कि शिक्षा और रोजगार आज देश के करोड़ों युवाओं के सबसे बड़े मुद्दे हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.