INDIA

BIG BREAKING: दिल्ली के मालवीय नगर में दर्दनाक हादसा! रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 की मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. मालवीय नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट ‘लेमन ग्रीन’ में भीषण आग लगने के कारण अब तक 21 लोगों की जलकर मौत हो गई. आपको बता दें, दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह करीब 09:45 बजे इस भयावह आग की सूचना मिली थी. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फायर सर्विस के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सूझबूझ दिखाते हुए इमारत के बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बचाए गए लोगों को इलाज के लिए कैट्स (CATS) एम्बुलेंस के जरिए फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला भी तुरंत हरकत में आ गया. मालवीय नगर के एसडीएम (SDM) जितेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह जैसे ही उन्हें इस अग्निकांड की सूचना मिली, उन्होंने अपने आपदा सेल को सक्रिय किया और सभी संबंधित सुरक्षा बलों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया. शुरुआती जांच के आधार पर उन्होंने बताया कि इस इमारत के निचले हिस्से में एक होटल/रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था. हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह स्पष्ट है कि आग इसी होटल से शुरू हुई थी.

इस भीषण हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की जांच में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह होटल अवैध रूप से किसी अन्य फर्जी लाइसेंस के आधार पर धड़ल्ले से चलाया जा रहा था. इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है. हादसे के दौरान बीएसईएस (BSES) ने समय रहते इलाके की बिजली सप्लाई काट दी, जिससे आग पर काबू पाने में मदद मिली और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.