☰
INDIA

BIG BREAKING: छठ पर घर लौट रहा था परिवार, गहरी खाई में जा गिरी बस, 10 लोगों की मौत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं. लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर लौट रहे यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस दर्दनाक दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. हादसा भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी के पास हुआ. दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन के साथ सुरक्षा एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.

जानकारी के अनुसार, मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी. इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़कखंड पर चिसापानीगढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद वैन सड़क से फिसलकर करीब 500 से 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार 10 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं. इनमें अधिकांश सर्लाही जिले के निवासी थे. हालांकि, शुरुआती जानकारी में मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी.

हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री के नेतृत्व में नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची. बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया. सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सहप्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने दुर्घटना में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है.

घायलों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4, सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं. अस्पताल में भर्ती मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोट आई है, जबकि सक्षम कुमार के शरीर में अंदरूनी चोटें बताई गई हैं. वहीं, तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह पर चोट लगी है. घायलों की स्थिति को लेकर शुरुआती रिपोर्ट में अलग-अलग जानकारी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, सभी घायलों का उपचार जारी है.

बताया जाता है कि दुर्घटनास्थल भीमफेदी पुलिस चौकी से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है. हादसे के बाद मृतकों के शवों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. छठ पर्व के मद्देनजर नेपाल के काठमांडू समेत विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं. इसी बीच हुए इस हादसे ने पर्व की तैयारियों के बीच कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.