☰
INDIA

BIG BREAKING: सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में पैतृक गांव में ली अंतिम सांस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचुर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं. उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है.

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी की तबीयत खराब होने पर डॉक्टर को उनके घर बुलाया गया था. इसी दौरान उनका निधन हो गया. मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे. वहां 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि दुखद खबर मिलने के बावजूद उन्होंने अपना निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा. वहीं, मां के अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

सावित्री देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं और पंचुर गांव में ही रह रही थीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समय-समय पर उनसे मिलने पहुंचते रहे थे. करीब दो साल पहले जब उनकी मां ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती थीं, तब योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था. फिलहाल उनके अंतिम संस्कार की तारीख और समय को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

बताते चलें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था. 89 वर्षीय आनंद सिंह बिष्ट ने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली थी. उस समय कोरोना महामारी के कारण देशभर में लॉकडाउन लागू था. प्रतिबंधों की वजह से योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं. उनका पैतृक परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचुर गांव में रहता है.