टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर देशभर में शहीदों और हमले में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया जा रहा है. इस मौके पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भी 26/11 के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि मुंबई पर हुआ आतंकी हमला केवल एक शहर पर नहीं, बल्कि पूरे देश पर हमला था. भूमि ने अपने संदेश में देश की एकजुटता, प्रेम और उम्मीद की ताकत को रेखांकित किया.
भूमि पेडनेकर ने कहा, "मेरा मानना है कि 26/11 का हमला सिर्फ मुंबई पर नहीं, बल्कि हमारे पूरे देश पर हमला था. हालांकि, हमारे देश की सबसे खूबसूरत बात यह है कि जहां भी हमें नफरत दिखाई देती है, हम उसे प्यार में बदल देते हैं. हम उसे उम्मीद में बदल देते हैं."
अभिनेत्री ने इस दिन को उन सभी शहीदों और लोगों को याद करने का अवसर बताया, जिन्होंने आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि वह उनके सामने अपना सिर झुकाती हैं. भूमि ने कहा कि पीड़ितों की कहानियां और उनके साथ हुई घटनाओं को कभी भुलाया नहीं जाएगा.
भूमि पेडनेकर ने अपने संदेश में आतंकवाद और नफरत के खिलाफ एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि दुनिया को इतना प्यार से भर देना चाहिए कि वहां नफरत के लिए कोई जगह न बचे. उन्होंने उम्मीद जताई कि एक ऐसा समाज बनेगा, जहां आतंकवाद के लिए भी कोई स्थान नहीं होगा. 26/11 मुंबई आतंकी हमला देश के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक है. इस बरसी पर भूमि पेडनेकर का संदेश शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ प्रेम, शांति और मानवता का संदेश भी देता है.
