☰
INDIA

बड़ी खबर: पोल तोड़कर पलटी कार और बनी आग का गोला, 6 की मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK):  उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर आ रही है जहां में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई. टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई. देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई. कार में सवार एक महिला समेत छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

100 की रफ्तार में बेकाबू हुई कार, पोल के दो टुकड़े

हादसा तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही थी. इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल दो हिस्सों में टूट गया. इसके बाद कार डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई. हादसे में डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.

पलटते ही आग की लपटों में घिरी कार

टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कार के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. इस दर्दनाक हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई. मृतकों में एक महिला भी शामिल है.

हरियाणा से हरिद्वार जा रहा था परिवार

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे. इसी दौरान जग्गाहेड़ी के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.

हादसे के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी

भीषण दुर्घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. कार से उठती आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं. हादसे की भयावहता का अंदाजा बिजली के टूटे पोल और क्षतिग्रस्त डिवाइडर से लगाया जा सकता है. एक ही हादसे में छह लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है.