Tnp डेस्क : दिवाली से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी के इस फैसले का सीधा असर त्योहारों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों की जेब पर पड़ने वाला है. अब अमूल का घी और मक्खन खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.
अमूल घी की कीमत में 50 रुपये तक की बढ़ोतरी
नई कीमतों के मुताबिक, अमूल के 1 किलो घी के कार्टन की कीमत 630 रुपये से बढ़ाकर 680 रुपये कर दी गई है. यानी ग्राहकों को अब एक किलो घी खरीदने के लिए 50 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे.
वहीं 500 ग्राम प्योर घी के पैक की कीमत 325 रुपये से बढ़ाकर 345 रुपये कर दी गई है. इस पैक पर 20 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
मक्खन भी हुआ महंगा, जानें नए रेट
घी के साथ-साथ अमूल ने मक्खन की कीमतों में भी इजाफा किया है. अब 100 ग्राम मक्खन का पैकेट 63 रुपये की जगह 66 रुपये में मिलेगा. वहीं 500 ग्राम मक्खन के पैकेट की कीमत 310 रुपये से बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है.
क्यों बढ़े घी और मक्खन के दाम?
त्योहारों के मौसम में घी की मांग बढ़ने और कुछ बाजारों में सप्लाई प्रभावित होने के कारण कीमतों में यह बदलाव हुआ है. अब अमूल के घी और मक्खन के दाम बढ़ने से ग्राहकों को फिर से महंगाई का सामना करना पड़ रहा है.
ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा असर
दिवाली के दौरान घरों में मिठाइयां, पकवान और अन्य व्यंजन बनाने के लिए घी और मक्खन का इस्तेमाल बढ़ जाता है. ऐसे में त्योहार से ठीक पहले कीमतों में हुई बढ़ोतरी से घरेलू बजट प्रभावित होगा.
