INDIA

खेलते-खेलते हुआ हादसा, 5 साल के बच्चे की गई जान! Video देखकर उड़ जाएंगे आपके होश

Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: महाराष्ट्र के भिवंडी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते समय एक 5 वर्षीय बच्चे की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई. इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

यह दर्दनाक हादसा भिवंडी के फरीद बाग इलाके स्थित अल फरीद बिल्डिंग में हुआ. जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय मोहम्मद अहमद बिल्डिंग परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. खेलते-खेलते वह उस स्थान के पास पहुंच गया, जहां सेप्टिक टैंक बना हुआ था. बताया जा रहा है कि टैंक का ढक्कन ठीक तरह से बंद नहीं था और वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं थी.

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि मासूम अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे सेप्टिक टैंक में जा गिरा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की और उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए बिल्डिंग प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि यदि सेप्टिक टैंक को सुरक्षित तरीके से बंद किया गया होता और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी.

स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही प्रशासन से सभी आवासीय परिसरों में सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की अपील की है. यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक और आवासीय क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है.