INDIA

अमृतसर में आप नेता पर सरेआम फायरिंग, पार्किंग विवाद में चली गोलियां; दो लोग घायल

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

TNP Desk : पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ पर सरेआम गोली चलाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना कोट आत्मा राम इलाके की बताई जा रही है, जहां पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े और फिर फायरिंग में बदल गया। इस गोलीबारी में जयपाल सिंह बाऊ और नरेंद्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, विवाद गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई और फिर गोलियों तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह बाऊ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर हैं और वार्ड नंबर 42 के प्रभारी भी रह चुके हैं। घटना के बाद आप विधायक डॉ. इंदरवीर सिंह निज्जर अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना।

स्थानीय काउंसलर वरपाल सिंह बब्बर ने बताया कि विवाद पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था और बाद में स्थिति बेकाबू हो गई। गोलीबारी के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई।

पुलिस का कहना है कि एक पक्ष इसे सेल्फ डिफेंस बता रहा है, जबकि दूसरे पक्ष के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस ने कहा है कि तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।