टीएनपी डेस्क(TNP DESK):मेरी मौत के जिम्मेदार ये लोग हैं... रोते हुए एक युवक का कैमरे के सामने यह बात कहते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है.उसकी आंखों में आंसू थे, आवाज कांप रही थी और चेहरे पर बेबसी साफ दिखाई दे रही थी.किसी को अंदाजा नहीं था कि यह वीडियो उसकी जिंदगी का आखिरी संदेश साबित होगा. वीडियो भेजने के कुछ ही देर बाद युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो
युवक की मौत के बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.वीडियो में वह अपने साथ हुई धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना की कहानी बता रहा है. उसने कुछ लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए इंसाफ की मांग भी की है.
पढ़िये कहां है मामला
दरअसल, यह मामला पंजाब के बठिंडा जिले के तलवंडी साबो स्थित जगाराम तीर्थ गांव का है. मृतक की पहचान चरणप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था.बताया जाता है कि वह पिछले करीब चार वर्षों से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था.दोनों के बीच काफी करीबी संबंध थे और चरणप्रीत को महिला तथा उसके परिवार पर पूरा भरोसा था.आरोप है कि महिला और उसके परिवार ने बेटी को विदेश भेजने के नाम पर चरणप्रीत से करीब साढ़े चार लाख रुपये उधार लिए थे.चरणप्रीत ने अपनी मेहनत की कमाई और जमा पूंजी से यह रकम उन्हें दी थी लेकिन जब उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो हालात बदलने लगे.
पढ़िए वीडियो में क्या है
मृतक ने अपने वीडियो में आरोप लगाया है कि पैसे लौटाने के बजाय महिला और उसके परिवार के लोगों ने उसे मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया. उसे लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ रहा था.वह काफी समय से तनाव में था और इसी वजह से टूटता चला गया.आखिरकार चरणप्रीत ने सल्फास खा लिया.हालांकि मौत को गले लगाने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो रिकॉर्ड किया.वीडियो में उसने पूरी घटना का जिक्र किया और अपनी मौत के लिए महिला व उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया.इसके बाद उसने यह वीडियो अपने भाई को व्हाट्सएप पर भेज दिया ताकि उसके साथ हुई बात दुनिया के सामने आ सके.
परिजनों को वीडियो मिला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई
जब परिजनों को वीडियो मिला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी.मृतक के भाई के बयान और वीडियो में लगाए गए आरोपों के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. तलवंडी साबो थाना प्रभारी अमरीक सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों में से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है.पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.