☰
INDIA

चलती बस में अचानक भड़की आग, 9 यात्रियों की गई जान, मौके पर मची चीख-पुकार

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

Tnp desk: ग्रेटर नोएडा के  यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. जेवर इलाके में चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली की ओर से महोबा जा रही थी. बस में करीब 35 यात्री सवार थे. बताया जा रहा है कि दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग भड़क उठी।.उस समय कई यात्री सो रहे थे. आग और धुएं से बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई.

खिड़कियों से कूदकर यात्रियों ने बचाई जान

आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलने की कोशिश की. कई यात्रियों ने खिड़कियों से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया गया. गंभीर रूप से झुलसे और घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आग लगने की वजह की जांच जारी

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. बस में आग किस वजह से लगी और इतनी तेजी से कैसे फैली इसकी जांच की जा रही है.

मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.