INDIA

सोशल मीडिया से शुरू हुआ आंदोलन अब सड़कों पर, 6 जून को जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): एक बार सोशल मीडिया पर उठी आवाज अब धीरे-धीरे सड़क पर उतरती नजर आ रही है. शनिवार, 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है, जिसमें “कोकरोच जनता पार्टी” के संस्थापक अभिजीत दीपक और उनके समर्थक बड़ी संख्या में जुटने वाले हैं. यह आंदोलन अब सोशल मीडिया से निकलकर वा धरातल पर पहुंच चुका है, जहां युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है.

इस पूरे मामले की शुरुआत एक बयान और उसके बाद चले डिजिटल अभियान से मानी जा रही है, जिसने युवाओं को संगठित होने के लिए प्रेरित किया. देखते ही देखते लाखों लोग इस आंदोलन से जुड़ गए, जिनमें भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में रह रहे युवा भी शामिल हैं. दावा किया जा रहा है कि लगभग 23 मिलियन लोग इस मुहिम से सोशल मीडिया के जरिए जुड़ चुके हैं.

समर्थकों का कहना है कि पहले इसे केवल ऑनलाइन आंदोलन माना जा रहा था, लेकिन अब यह वास्तविक प्रदर्शन का रूप ले चुका है. इसी कड़ी में 6 जून को जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा. यह विरोध मुख्य रूप से NEET परीक्षा पेपर लीक विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर देशभर के छात्रों में नाराजगी बनी हुई है.

अभिजीत दीपक 6 जून को दिल्ली पहुंचेंगे और अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन करेंगे. आंदोलन को लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है, क्योंकि बड़ी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है.अब देखने वाली बात यह होगी कि यह आंदोलन सरकार पर कितना प्रभाव डालता है या फिर यह सिर्फ एक बड़े विरोध प्रदर्शन तक ही सीमित रह जाता है. फिलहाल, इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.