टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महंगाई से परेशान आम लोगों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने दूध की विभिन्न कैटेगरी के दाम में 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया है. नई दरें लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को रोजाना दूध खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.
कंपनी की ओर से की गई बढ़ोतरी के अनुसार, अमूल ताजा टोन्ड मिल्क 2 रुपये महंगा हुआ है, जबकि अमूल शक्ति और अमूल गोल्ड की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है. वहीं, भैंस फुल क्रीम दूध के दाम में सबसे ज्यादा 6 रुपये का इजाफा हुआ है. नई कीमतों के मुताबिक, अमूल ताजा टोन्ड मिल्क अब 57 रुपये की जगह 59 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. अमूल शक्ति की कीमत 63 रुपये से बढ़कर 67 रुपये और अमूल गोल्ड की कीमत 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये प्रति लीटर हो गई है. इसके अलावा भैंस फुल क्रीम दूध के लिए अब उपभोक्ताओं को 80 रुपये की जगह 86 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे.
महीने के बजट पर पड़ेगा सीधा असर
दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ने वाला है. खासकर उन परिवारों को अधिक परेशानी होगी, जिनके घरों में रोजाना एक से ज्यादा लीटर दूध की खपत होती है. यदि कोई परिवार प्रतिदिन एक लीटर अमूल ताजा टोन्ड मिल्क खरीदता है, तो उसे महीने में करीब 60 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे. वहीं, अमूल शक्ति और अमूल गोल्ड खरीदने वाले उपभोक्ताओं का मासिक खर्च लगभग 120 रुपये तक बढ़ जाएगा. भैंस फुल क्रीम दूध इस्तेमाल करने वाले परिवारों को हर महीने करीब 180 रुपये ज्यादा चुकाने पड़ेंगे. इस तरह दूध के दाम बढ़ने से घरेलू खर्च का हिसाब भी बिगड़ सकता है.
उत्पादन लागत बढ़ने से महंगा हुआ दूध
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन और प्रसंस्करण लागत में हुई वृद्धि को प्रमुख वजह बताया जा रहा है. बीते कुछ समय में हरे चारे, सूखे चारे, पशु आहार, खली, मक्का और गुड़ की कीमतों में इजाफा हुआ है. इसके अलावा पैकेजिंग सामग्री और ईंधन महंगा होने से भी डेयरी कंपनियों की लागत बढ़ी है. दूध में मौजूद फैट की कीमतों में भी करीब 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है.
अमूल के अनुसार, गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम और अनियमित बारिश का असर दूध उत्पादन और आपूर्ति पर पड़ा है. इसके चलते पशुपालकों से दूध खरीदने की लागत भी बढ़ी है. कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी का मकसद दूध उत्पादकों को उचित भुगतान सुनिश्चित करना और उन्हें दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है. हालांकि, इस फैसले का असर सीधे तौर पर दूध खरीदने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा.
