☰
INDIA

आम आदमी की जेब को बड़ा झटका! त्योहारों से पहले 70 रुपये बढ़े सिलेंडर के दाम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): सीधे तौर पर ना सही पर आम आदमी की जेब को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. दरअसल कमर्शियल सिलेंडर के दाम 70 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं. ऐसे में त्योहार सीजन से पहले कई चीजें महंगे हो सकती हैं. कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से रोज मर्रा की चीजों के साथ-साथ कई चीजों पर असर पड़ने की उम्मीद है. ऐसे में अक्टूबर की पहली तारीख को नयी दर लागू हो चुकी है. हालांकि बता दें कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. 

बताते चलें कि दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 62.50 रुपये बढ़ाई गई है. बढ़ोतरी के बाद यहां इसकी कीमत 2,810 रुपये हो गई है. वहीं झारखंड में कीमत बढ़कर 2995 रुपये हो गई है, जो सितंबर महीने में 2925 रुपये थी. अलग-अलग राज्यों में टैक्स और स्थानीय शुल्क के कारण कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें अलग हो सकती हैं. ऐसे में कमर्शियल एलपीजी के दाम सितंबर के बाद लगातार दूसरे महीने बढ़े हैं. सितंबर में भी सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. वहीं त्योहारी सीजन से ठीक पहले हुई इस वृद्धि से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई की दुकानों और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों की लागत बढ़ सकती है.

किन चीजों पर पड़ेगा असर
कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर खानपान के कारोबार में होता है. कीमत बढ़ने से खाना पकाने की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की कीमतों पर पड़ने की संभावना है. खासकर छोटे कारोबार, जो कम मार्जिन पर चलते हैं, उन पर अतिरिक्त लागत का दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में कारोबारियों की ओर से लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डाले जाने की स्थिति में आने वाले दिनों में होटल और रेस्टोरेंट का बिल बढ़ सकता है. इसके अलावा त्योहारी सीजन के बाद शादियों का सीजन भी शुरू होगा जिसका असर आम आदमी की जेब पर भी पड़ेगा.