INDIA

महाराष्ट्र के जलगांव में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 6 लोगों की हुई मौत

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र के जलगांव जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. अमलनेर तालुका के मंगरूल गांव के पास कार, मोटरसाइकिल और राज्य परिवहन (एसटी) बस के बीच हुई भीषण टक्कर में छह लोगों की जान चली गई. मृतकों में गुजरात के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जो एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे.

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे अमलनेर-धुले मार्ग पर हुआ. गुजरात नंबर की एक बोलेनो कार अमलनेर की ओर जा रही थी. इसी दौरान कार की सामने से आ रही मोटरसाइकिल और एसटी बस से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद पांच लोगों ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान आदित्य महाजन, अनीता महाजन, निर्मला महाजन, नंदलाल महाजन और सुरेश महाजन के रूप में हुई है. सभी गुजरात के व्यारा शहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

बताया जा रहा है कि परिवार अमलनेर में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने जा रहा था. लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

सूचना मिलने पर पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. कार में फंसे एक छोटे बच्चे को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है.