INDIA

कुंवारी बेटी का गर्भपात कराना चाहता था परिवार, लड़की चाहती थी कुछ और..लेकिन जीजा ने कर दिया खेला

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):हमारे देश में ऑनर किलिंग एक ऐसा अपराध है, जहां मां-बाप अपने ही बच्चों की जान के दुश्मन बन जाते हैं और लोक-लाज और समाज के डर से उनकी हत्या कर बैठते हैं. एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 18 साल की अविवाहित लड़की का 17 साल के लड़के से अफेयर चल रहा था. प्रेम संबंध में लड़की 5 महीने की गर्भवती हो गई. इसकी भनक जब परिवार वालों को लगी तो घर वालों ने अपनी बेटी पर गर्भपात का दबाव बनाया, लेकिन लड़की किसी भी हालत में इस बच्चे को मारना नहीं चाहती थी. जब हर तरह से कोशिश की गई, लेकिन लड़की नहीं मानी तो एक ऐसी खौफनाक हत्या की साजिश रची गई, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता.

लड़की के पिता और जीजा ने मिलकर जान से मारा

जानकारी के मुताबिक, जब लड़की नहीं मानी तो उसके पिता और उसके जीजा ने मिलकर उत्तर प्रदेश के आगरा के पास चंबल नदी के किनारे ले जाकर उसे मार दिया और आत्महत्या का नाटक किया गया, जहां फोटो-वीडियो बनाए गए और फिर जबरन नदी में डुबोकर उसकी हत्या की गई. दिल्ली से जब उसके पिता लौटे तो पड़ोसियों को वही फोटो दिखाकर बेटी की आत्महत्या करने की झूठी कहानी सुनाई गई. लेकिन पड़ोसन को इस पर विश्वास नहीं हुआ. पड़ोसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी पिता और जीजा को गिरफ्तार कर लिया.

पड़ोस में रहने वाले युवक से चल रहा था युवती का प्रेम प्रसंग

आस-पास के लोगों से जो अब तक जानकारी मिली है, उसके मुताबिक तिगड़ी निवासी आरोपी की 18 साल की बेटी का उसी क्षेत्र में रहने वाले 17 साल के नाबालिग लड़के से प्रेम प्रसंग था. एक महीने पहले ही पिता को पता चला था कि उसकी बेटी 5 माह की गर्भवती है. उसने अपनी बेटी पर गर्भपात कराने का काफी दबाव बनाया. लेकिन वह नहीं मानी. इसके बाद समाज में बदनामी के डर से उसने अपने दामाद के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. वहीं, हत्या के लिए चंबल नदी को इसलिए चुना गया क्योंकि मगरमच्छ उसके शव को खा जाएं और पोस्टमॉर्टम तक की नौबत ही न आए.

 मामले की जांच कर रही है पुलिस

पूरा मामला दिल्ली के तिगड़ी इलाके का है, जहां बेटी के गर्भपात न कराने पर परिवार वालों को इतना ज्यादा गुस्सा आ गया कि उन्होंने अपनी ही बेटी की हत्या की साजिश रच डाली और उसे मौत के घाट उतार दिया. फिलहाल पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले की जांच कर रही है.