INDIA

5 दिन तक 13 साल की मासूम के साथ करता रहा हैवानियत, 30 से ज्यादा दरिंदों ने बनाया हवस का शिकार, मामला जान कांप उठेगी रूह

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): राजस्थान के श्रीगंगानगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. महज 13 साल की एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर पांच दिनों तक अलग-अलग होटलों में सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, इस दौरान 30 से अधिक लोगों ने बच्ची का यौन शोषण किया. घटना उजागर होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक जांच शुरू कर दी है.

पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक, घटना की शुरुआत तब हुई जब नाबालिग अपने घर से बाहर निकली थी. आरोप है कि एक रिक्शा चालक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बाद में एक होटल संचालक के हवाले कर दिया. इसके बाद बच्ची को कथित तौर पर अलग-अलग होटलों में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया.

जांच के दौरान पुलिस ने कई होटल मालिकों और होटल मैनेजरों को गिरफ्तार किया है. उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस होटल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. एफआईआर के अनुसार, बच्ची को पांच दिनों तक अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया. आरोप है कि उसे पर्याप्त भोजन नहीं दिया जाता था और जबरन शराब पिलाई जाती थी. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.

इस घटना के सामने आने के बाद श्रीगंगानगर में लोगों में भारी नाराजगी है. विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. विपक्षी दल कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं और दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.