टिएनपी डेस्क(TNP DESK): उत्तराखंड के चमोली जिले के पिपलकोटी में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया. टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में अचानक पानी और मलबा भरने से कई मजदूर अंदर फंस गए. हादसे के बाद मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. अब तक 25 मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाला जा चुका है. इनमें से 7 की मौत हो गई है. वहीं 3 मजदूर अभी भी अंदर फंसे हुए हैं और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश जारी है.
अचानक सुरंग में घुसा पानी और मलबा
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त करीब 28 मजदूर सुरंग के अंदर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा सुरंग में घुसने लगा. पानी तेजी से बढ़ने के कारण मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और कुछ लोग अंदर ही फंस गए.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और बचाव दल को सूचना दी गई. इसके बाद NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
25 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
रेस्क्यू टीम ने अब तक 25 मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाल लिया है. सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. गोपेश्वर जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने इनमें से 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया.
वहीं कई घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है. 10 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है.
रेस्क्यू ऑपरेशन में पानी बना बड़ी चुनौती
NDRF और SDRF की टीमों के सामने सबसे बड़ी परेशानी सुरंग में भरा पानी है. बचाव दल के पहुंचने के समय सुरंग के अंदर काफी पानी जमा था. इसके अलावा सुरंग के किनारों से भी पानी रिस रहा था.
टीमें पंप और दूसरे जरूरी उपकरणों की मदद से पानी निकालने के साथ अंदर पहुंचने का रास्ता बनाने में जुटी हैं. बचावकर्मी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि अंदर फंसे तीनों मजदूरों तक जल्द पहुंचा जा सके.
CM धामी ने मजदूरों से की बात
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेस्क्यू किए गए मजदूरों से बात कर उनका हालचाल जाना. मुख्यमंत्री ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाएगी.
उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि टनल में फंसे हर मजदूर को सुरक्षित बाहर निकालना सबसे बड़ी प्राथमिकता है. बचाव अभियान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
मौके पर मौजूद हैं अधिकारी
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं. NDRF, SDRF, ITBP, सेना, पुलिस और प्रशासन की टीमें मिलकर बचाव कार्य में जुटी हैं.
घटनास्थल पर जरूरी मशीनरी और मेडिकल सुविधाएं भी पहुंचाई गई हैं. फिलहाल सभी की नजर उन तीन मजदूरों पर है, जो अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं. प्रशासन की कोशिश है कि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए.