INDIA

स्वतंत्रता दिवस पर 1,057 पुलिसकर्मियों और जवानों को मिलेगा सम्मान, 301 को गैलेंट्री मेडल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): स्वतंत्रता दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने देश के पुलिस और सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं में काम करने वाले 1,057 कर्मियों को सम्मानित करने का फैसला किया है. इन कर्मियों में पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल विभाग से जुड़े लोग शामिल हैं. इन सभी को उनकी बहादुरी और बेहतरीन सेवा के लिए अलग-अलग मेडल दिए जाएंगे.

301 कर्मियों को गैलेंट्री मेडल

कुल 1,057 पुरस्कारों में 301 गैलेंट्री मेडल शामिल हैं. इनमें 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मचारी हैं. इन बहादुर कर्मियों में सबसे ज्यादा 197 ऐसे जवान हैं, जिन्होंने नक्सल प्रभावित यानी लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म वाले इलाकों में ड्यूटी की है.

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 51, नॉर्थ-ईस्ट के 12 और देश के दूसरे हिस्सों में तैनात 41 कर्मियों को भी गैलेंट्री मेडल दिया जाएगा.

यह सम्मान उन कर्मियों को मिलता है, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस दिखाया हो. लोगों की जान बचाने, अपराध रोकने, अपराधियों को पकड़ने या संपत्ति की सुरक्षा के दौरान बहादुरी दिखाने वाले कर्मियों को इस मेडल से सम्मानित किया जाता है.

92 को राष्ट्रपति पदक, 664 को मेरिटोरियस सर्विस मेडल

सरकार ने 92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस देने का भी फैसला किया है. इनमें 83 पुलिसकर्मी, 4 फायर सर्विस कर्मचारी, 3 सिविल डिफेंस और होम गार्ड कर्मी और 2 जेल सेवा से जुड़े कर्मचारी हैं. यह सम्मान लंबे समय तक बेहतरीन और विशेष सेवा देने वाले कर्मियों को दिया जाता है.

वहीं 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस मिलेगा. इनमें 606 पुलिसकर्मी, 28 फायर सर्विस, 18 सिविल डिफेंस और होम गार्ड तथा 12 जेल सेवा के कर्मचारी शामिल हैं.

CBI के 21 अधिकारियों को भी सम्मान

केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा. इनमें 6 अधिकारियों को PSM और 15 को MSM दिया जाएगा.

इन पुरस्कारों के जरिए जांच, कानूनी, तकनीकी और फील्ड ड्यूटी में योगदान देने वाले CBI कर्मियों के काम को सम्मान दिया गया है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मिलने वाले ये पदक देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था में जुटे कर्मियों के समर्पण और साहस को सम्मान देने का एक अहम जरिया हैं.