News

जरूरी खबर : LPG उपभोक्ता 30 जून से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना अटक सकता है सब्सिडी का पैसा

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
जरूरी खबर : LPG उपभोक्ता 30 जून से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना अटक सकता है सब्सिडी का पैसा

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): केंद्र सरकार की ओर से हर सिलेंडर की डिलीवरी के बाद एलपीजी उपभोक्ताओं के बैंक खाते में सब्सिडी का पैसा भेजा जाता है, लेकिन अगर आपने अपने एलपीजी गैस कनेक्शन की e-KYC नहीं करवाई है, तो आपको सब्सिडी नहीं मिलेगी. आपको बता दें कि सरकार की ओर से एलपीजी गैस सिलेंडर की e-KYC और बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 30 जून 2026 की डेडलाइन दी गई है.अगर इस दिन तक उपभोक्ता प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो उनके खाते में सब्सिडी का पैसा नहीं आएगा. अगर आप भी एलपीजी उपभोक्ता हैं, तो यह खबर आपके लिए है.

30 जून 2026 है डेडलाइन 

30 जून 2026 सरकार की ओर से दी गई डेडलाइन है. इससे पहले आपको अपने एलपीजी गैस सिलेंडर की e-KYC करवानी है.यदि 30 जून से पहले आपने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, तो आपकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं और पैसों का नुकसान हो सकता है.आपको बता दें कि सरकार की ओर से जरूरतमंद लोगों को सब्सिडी का पैसा दिया जाता है, लेकिन इसमें कई बार धांधली भी देखने को मिलती है, जहां कुछ संपन्न लोग भी सब्सिडी का लाभ लेते है. इसे रोकने के लिए सरकार समय-समय पर e-KYC की प्रक्रिया पूरी कराती है, ताकि इसका लाभ केवल जरूरतमंद लोगों तक ही पहुंचे.

30 जून से पहले जरूर पूरी कर ले प्रक्रिया

इंडियन गैस और एचपी गैस कंपनी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लगातार उपभोक्ताओं से 30 जून से पहले e-KYC की प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया जा रहा है, ताकि उन्हें सब्सिडी का लाभ मिलता रहे.हालांकि, अगर आपने e-KYC की प्रक्रिया और बायोमेट्रिक अपडेट पहले ही कर लिया है, तो आपको दोबारा यह प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है.लेकिन जिन लोगों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 30 जून से पहले इसे जरूर कर लेना चाहिए.

इस तरह घर बैठे भी किया जा सकता है Ekyc 

यदि आपने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है आप घर बैठे मोबाइल के माध्यम से भी e-KYC पूरी कर सकते है.इसके लिए सबसे पहले आपको Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करना है.यह फेस ऑथेंटिकेशन के लिए जरूरी ऐप है. इसके बाद अपने फोन में आप जिस भी गैस कंपनी के उपभोक्ता हैं, जैसे इंडियन, एचपी या भारत गैस, उसका ऐप डाउनलोड करें.

यहां जानिए पुरा प्रोसेस 

ऐप इंस्टॉल करने के बाद अपने मोबाइल नंबर या ग्राहक आईडी से लॉगिन करें. इसके बाद 'LPG e-KYC' या 'Aadhaar Authentication' विकल्प पर क्लिक करें। फिर अपना आधार नंबर दर्ज कर उसकी पुष्टि करें और Face Authentication प्रक्रिया पूरी करें. फेस स्कैन सफल होते ही आपकी e-KYC पूरी हो जाएगी और आपकी जानकारी सत्यापित (Verify) हो जाएगी.

दिक्कत होने पर डीलर से संपर्क करें

कुछ यूजर्स को Aadhaar Seeding या Authentication में दिक्कत आ सकती है.ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है.आपको अपने नजदीकी गैस डीलर से संपर्क करना है.वहां जाकर आपकी सारी समस्या का समाधान हो जाएगा.