टीएनपी डेस्क(TNP DESK):हर घर में रोज सुबह-शाम खाना बनाने के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर की जरूरत पड़ती है, जहां ऑयल कंपनी की ओर से घरेलू सिलेंडर अलग और कमर्शियल सिलेंडर अलग दिया जाता है. लेकिन अगर आप एलपीजी घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते हैं और अब तक केवाईसी नहीं करवा रहे हैं, तो जल्दी ही करवा लें, वरना 16 अगस्त के बाद आपकी परेशानी बढ़ सकती है. यानी अब आपके पास केवल 5 दिन का समय है. इन पांच दिनों के अंदर आप केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे तो आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. एक तरफ जहां आपको एलपीजी गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी के पैसे नहीं मिलेंगे, तो वहीं दूसरी तरफ घरेलू सिलेंडर भी कमर्शियल दर पर खरीदने की नौबत आ सकती है.
तेल कंपनी की ओर से एसएमएस के जरिए ग्राहकों को किया जा रहा है अलर्ट
आपको बता दें कि ऑयल मार्केटिंग कंपनी की ओर से रोजाना अपने ग्राहकों को SMS और सोशल मीडिया पर लगातार अपडेट किया जा रहा है कि समय रहते अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरी करें, ताकि आगे आपको परेशान होने की जरूरत न पड़े. क्योंकि अगर आपने तय की गई समय सीमा तक केवाईसी नहीं करवाई, तो एलपीजी कनेक्शन सस्पेंड भी किया जा सकता है और सिलेंडर लेने में आपको दिक्कत हो सकती है. क्योंकि सरकार की ओर से एलपीजी ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी पूरा करने की डेडलाइन 16 अगस्त तक है.
16 अगस्त से पहले कर ले जरूरी काम
ऑयल कंपनी की ओर से जारी डेडलाइन में बताया गया है कि इंडियन, एचपी और भारत गैस के ग्राहकों को ई-केवाईसी करवाने के लिए कई अलर्ट भेजे जा रहे हैं, ताकि लोग जागरूक हों और समय रहते अपनी इस प्रक्रिया को पूरा कर सकें, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो. कंपनी की ओर से जो चेतावनी दी गई है, उसके मुताबिक समय सीमा निकलने के बाद एलपीजी लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ग्राहक अधिसूचित घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर नहीं खरीद पाएंगे, उन्हें महंगे दरों पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है.
पढ़े Ekyc नहीं करवाने पर क्या पड़ेगा असर
अब तक 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर हर राज्य में अलग-अलग रेट पर मिल रहे हैं, जहां झारखंड में 981 रुपये या इसके आसपास जिलों के हिसाब से, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बताए गए हैं. इसका मतलब यह है कि अगर आपने अपना ई-केवाईसी नहीं करवाया है और नजरअंदाज किया है, तो सीधे इसकी कीमत पर असर पड़ेगा. क्योंकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के करोड़ों लाभार्थी एलपीजी की कीमत और महत्त्व को जानते हैं. हर साल चार सिलेंडर एलपीजी सिलेंडर पर 300 का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी दी जाती है. दिल्ली में अगर 942 का सिलेंडर है, तो 300 की छूट मिलने के बाद 642 में ही सिलेंडर खरीदा जा सकता है, लेकिन अगर केवाईसी पूरा नहीं किया गया तो पूरा पैसा देना पड़ेगा.
घर बैठे भी करवाएं केवाईसी
वहीं, अगर आपने अब तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो आपको कहीं जाने या भटकने की जरूरत नहीं है. आपको एलपीजी एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अब घर बैठे या फोन से एलपीजी सिलेंडर की ई-केवाईसी कर सकते हैं, जहां इंडियन ऑयल के ग्राहक इंडियन ऑयल वन ऐप के जरिए केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके साथ ही एलपीजी वितरक के पास जाकर ऑफलाइन भी यह काम करवाया जा सकता है. आपको बता दें कि सिलेंडर डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के सहयोग से भी ई-केवाईसी करवाई जा सकती है. यानी आपके पास एक से ज्यादा रास्ते हैं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आपको आखिरी तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए और आज ही इस प्रक्रिया को पूरी करनी चाहिए, ताकि आगे आपको कोई परेशानी न हो. क्योंकि यह छोटी सी प्रक्रिया न करने के लिए आपकी रसोई पर इसका महंगा असर पड़ सकता है.
