News

भारत को अंतिम सेकंड में झटका, जर्मनी ने 4 मिनट में पलटा मैच, प्रो लीग में 2-1 से हराया

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2025-26 के रॉटरडैम चरण में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मौजूदा विश्व चैंपियन जर्मनी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. भारत ने पूरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम चार मिनट में जर्मनी ने दो गोल दागकर मैच अपने नाम कर लिया.

भारत की ओर से जुगराज सिंह ने 38वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. खास बात यह रही कि जुगराज ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाते हुए शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल किया. हालांकि मैच के अंतिम क्षणों में जस्टस वाइगांड (56वां मिनट) और याकूब ब्रिला (60वां मिनट) ने गोल कर जर्मनी को जीत दिला दी.

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक नजर आई और गेंद पर नियंत्रण बनाए रखते हुए जर्मनी पर दबाव बनाया. मजबूत डिफेंस के दम पर भारत ने विश्व चैंपियन टीम को ज्यादा मौके नहीं दिए. दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने हाई प्रेस के जरिए जर्मनी को लगातार परेशान किया. इस दौरान अभिषेक के पास गोल करने का बेहतरीन मौका भी आया, लेकिन टीम उसे भुना नहीं सकी.

तीसरे क्वार्टर में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे जुगराज सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में बदल दिया. इसके साथ ही भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. जर्मनी को भी तीसरे क्वार्टर के अंत में कुछ पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस ने शानदार बचाव करते हुए टीम की बढ़त बरकरार रखी.

आखिरी मिनटों में पलटा मुकाबला
चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत के पास बढ़त दोगुनी करने के कई अवसर आए, लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी. इसका फायदा जर्मनी ने उठाया और 56वें मिनट में जस्टस वाइगांड ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद मैच खत्म होने से कुछ सेकंड पहले जर्मनी को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. याकूब ब्रिला ने इस मौके को भुनाते हुए 60वें मिनट में विजयी गोल दाग दिया और जर्मनी को 2-1 की रोमांचक जीत दिला दी. इस हार के बावजूद भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा. अब भारत अपना अगला मुकाबला 21 जून को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे मेजबान नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा.

TagsSPORTS