News

अब तक नहीं बनवाया है आयुष्मान कार्ड? तो कहीं जाने की नहीं है जरूरत, WhatsApp से घर बैठे ऐसे बनाएं कार्ड

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
अब तक नहीं बनवाया है आयुष्मान कार्ड? तो कहीं जाने की नहीं है जरूरत, WhatsApp से घर बैठे ऐसे बनाएं कार्ड

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):देश के गरीब और असहाय लोगों के लिए सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जाती हैं, जहां लोगों को सरकार की ओर से मुफ्त में हर महीने अनाज मिलता है.आवास के साथ-साथ छात्रों को पढ़ाई, बुजुर्ग लोगों को पेंशन और इलाज की सुविधा भी सरकार मुफ्त में उपलब्ध कराती है. वहीं, आयुष्मान भारत योजना कार्ड दिखाकर लोग 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त में करा सकते है.देश के ऐसे लोग जो इस योजना के असली लाभुक हैं, उन्होंने अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लिया है, लेकिन अब भी कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने आयुष्मान भारत योजना का कार्ड नहीं बनवाया है, क्योंकि लोगों के मन में यह डर रहता है कि उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे. लेकिन अब ऐसे लोगों के लिए राहत भरी खबर है.अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है. अब घर बैठे व्हाट्सएप के जरिए इस कार्ड को बनाया जा सकता है.कैसे? चलिए आपको बताते है.

सरकार की ओर से आधिकारिक आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप चैटबॉट लॉन्च 

आपको बता दें कि आयुष्मान कार्ड बनवाना अब काफी आसान हो गया है, क्योंकि सरकार की ओर से आधिकारिक आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप चैटबॉट लॉन्च किया गया है, जिसकी मदद से आप आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी सभी सेवाओं का फायदा व्हाट्सएप के जरिए ले सकते है.यानी अब आपको कहीं भी भटकने या किसी दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. सरकार के इस व्हाट्सएप चैटबॉट के लॉन्च होने से लोगों को कैसे फायदा मिलेगा और यह कैसे काम करता है, चलिए आपको बताते है.

अब कहीं भी भटकने की जरूरत नहीं

आयुष्मान सारथी को एनएचए की ओर से तैयार किया गया है, जिसका एक ही मकसद है कि आयुष्मान भारत योजना के लाभुकों को 24×7 डिजिटल सेवाएं मिल सकें, ताकि उन्हें कहीं भी भटकने की जरूरत न पड़े.घर बैठे ही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़ी सभी सुविधाएं आसानी से मिल सकें.एनएचए की ओर से तैयार किए गए इस चैटबॉट के जरिए नया आयुष्मान कार्ड बनाना, उसे डाउनलोड करना, पात्रता की जांच करना, ई-केवाईसी करना समेत कई ऐसे काम अब पहले की तुलना में काफी आसान हो गए हैं, जिन्हें पहले करवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था.

पढ़िये कैसे करता है काम

यदि आप भी घर बैठे व्हाट्सएप के जरिए आयुष्मान कार्ड बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए क्या करना होगा, चलिए आपको स्टेप बाय स्टेप बताते है. आपको सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में आधिकारिक आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप नंबर +91 72908 23838 सेव करना होगा. इसके बाद अपना व्हाट्सएप खोलें और इस नंबर पर Hello लिखकर भेजें. इसके बाद चैटबॉट की ओर से दिए गए विकल्पों में जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने से संबंधित विकल्प को चुनें. इसके साथ ही मांगी गई मोबाइल नंबर सहित बाकी सभी जानकारी सही-सही भरें.इसके बाद आपके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा, जिसे वेरिफाई करना होगा. अगर आप योजना के लिए पात्र हैं, तो जरूरी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

इस तरह बनकर तैयार हो जाएगा आयुष्मान कार्ड

यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाएगा, जिसे आप वहीं से डाउनलोड भी कर सकते है.लेकिन यहां सबसे ज्यादा ध्यान रखने वाली बात यह है कि कुछ मामलों में कार्ड जारी होने से पहले सिस्टम की ओर से जानकारी का सत्यापन किया जाता है.अगर सब कुछ सही पाया जाता है, तो आपका आयुष्मान कार्ड बनकर तैयार हो जाएगा.आपको बता दें कि आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही इस चैटबॉट के जरिए आप अपनी पात्रता की जांच भी कर सकते है. वहीं, अगर आपने पहले से आयुष्मान कार्ड बनवा रखा है, तो उसे डाउनलोड भी किया जा सकता है.अगर आप अपने कार्ड की ई-केवाईसी कराना चाहते हैं, तो वह भी यहीं से हो जाएगी. इसके अलावा आधार लिंक करना, कार्ड को लॉक या अनलॉक करना भी संभव है। इतना ही नहीं, आपने अपने कार्ड का कहां-कहां इस्तेमाल किया है, उसका रिकॉर्ड भी यहां मिल जाएगा.साथ ही, आपके कार्ड पर किन-किन अस्पतालों में इलाज कराया जा सकता है, इसकी जानकारी भी इस चैटबॉट के जरिए प्राप्त की जा सकती है.

पढ़िये क्या है सरकार का मकसद

इस चैटबॉट को लेकर सरकार का मानना है कि व्हाट्सएप जैसी लोकप्रिय ऐप के जरिए यह सुविधा उपलब्ध कराने से करोड़ों लोगों को फायदा मिलेगा. खासकर उन लोगों को, जो व्यस्त रहते हैं, किसी कारणवश दफ्तरों के चक्कर नहीं लगा सकते या ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। ऐसे लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी.