वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन पर दो महिला यात्री और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद हो रहा है. देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है. वीडियो में महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचती, लात-घूंसे मारती और धक्का-मुक्की करती दिखाई दे रही हैं. इस दौरान एक महिला जमीन पर गिर जाती है. इसके बाद भी वह RPF महिला के बाल खींचती नजर आती है. मौके पर मौजूद RPF कर्मी और अन्य लोग दोनों को अलग करने और मामला शांत कराने की कोशिश करते दिखाई देते हैं. बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
RPF कर्मियों से भी हुई बहस
अधिकारियों के मुताबिक दोनों महिलाओं ने ड्यूटी पर मौजूद RPF कर्मियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी थी. स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. RPF कर्मियों ने बीच-बचाव कर समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं मानीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गई. जानकारी के अनुसार दोनों महिलाओं पर 1-1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
सोशल मीडिया पर उठे सुरक्षा को लेकर सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच इस घटना को लेकर काफी चर्चा हो रही है. कुछ यूजर्स का दावा है कि दोनों महिलाएं नशे की हालत में थीं, हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है.वहीं कुछ लोग सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार और मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय है.
मेट्रो प्रशासन ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सामने आने के बाद कोलकाता मेट्रो प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है. प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं न केवल यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था को प्रभावित करती हैं बल्कि मेट्रो की छवि पर भी नकारात्मक असर डालती हैं. फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग अपने-अपने तरीके से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
