टीएनपी डेस्क (TNP DESK):शाम होते ही लोगों को कुछ चटपटा खाने की लालसा होती है. ऐसे में लोग स्ट्रीट फूड की दुकानों पर पहुंच जाते हैं. अगर आप भी स्ट्रीट फूड खाने के शौकीन हैं, तो सबसे पहले यह वायरल वीडियो देख लीजिए. इसमें बेहद घिनौने तरीके से सोया चाप बनाने का प्रोसेस दिखाया जा रहा है, जिसे देखकर किसी को भी उल्टी आ सकती है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन चुका है. 36 सेकंड का यह क्लिप तेजी से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है. इसे देखकर लोग नाराजगी भी जता रहे हैं कि आखिर लोगों की जिंदगी के साथ ऐसा खिलवाड़ कैसे किया जा सकता है.
चटखारे लेकर खाने से पहले देख लीजिए वीडियो
वीडियो में आप देखेंगे कि फर्श यानी जमीन पर काफी अधिक मात्रा में सोया चाप जैसा पदार्थ फैला हुआ है. वहीं एक व्यक्ति केवल पैंट पहनकर उसी पर लेटा हुआ है. उसके पास खड़ा एक युवक पाइप से पानी डाल रहा है और जमीन पर लेटा व्यक्ति सोया चाप के ऊपर इधर-उधर फिसल रहा है. ऐसा लग रहा है मानो वह किसी वाटर पार्क में नहा रहा हो. हंसी-मजाक का यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों को घिन आ गई. आपको बता दें कि हंसी-मजाक और मस्ती अपनी जगह ठीक है, लेकिन किसी के खाने की चीज के साथ इस तरह का गंदा मजाक करना बिल्कुल गलत है. इस वायरल वीडियो ने अब स्ट्रीट फूड और ऐसे सभी चटपटे व्यंजनों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है, जिन्हें हम घर से बाहर खाकर आते हैं. यूजर्स का कहना है कि अगर यह वीडियो किसी खाने की चीज तैयार करने वाली जगह का है, तो यह बेहद गंभीर मामला हो सकता है, जिससे किसी की जान भी जा सकती है. वहीं दूसरी तरफ यह लोगों के भरोसे के साथ भी खिलवाड़ है.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो नोएडा का है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है. लेकिन अगर आप भी नोएडा के रहने वाले हैं या फिर कहीं भी रहते हैं, तो आप जो चीज खाते हैं, उसके तैयार होने का तरीका भी जरूर देखना चाहिए. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं. क्योंकि अगर नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था प्रभावी नहीं होगी, तो इस तरह का खिलवाड़ होता रहेगा. अब जरा सोचिए, जिस सोया चाप को आप मजे लेकर खाते हैं, उसके ऊपर कोई नंगे पैर और नंगे बदन लेटा हो, तो यह सोचकर भी घिन आती है.
बाहर खाने से पहले अलर्ट हो जाएं
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं, लाइक कर रहे हैं और कमेंट भी कर रहे हैं. वहीं लोगों का कहना है कि बाहर खाने से पहले अब लोगों को थोड़ा अलर्ट होना पड़ेगा. केवल स्वाद ही जरूरी नहीं है, बल्कि उसके बनने का तरीका और साफ-सफाई भी उतनी ही जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा असर आपकी सेहत पर पड़ता है. खाने की चीजों के साथ इस तरह का खिलवाड़ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए.
