☰
ENTERTAINMENT

Avengers: Doomsday का इंतजार खत्म, भारत में शुरू हुई एडवांस बुकिंग, पहले दिन के शो के लिए फैंस में जबरदस्त क्रेज

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): मार्वल की फिल्मों का इंतजार करने वाले फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. दुनिया भर में चर्चा बटोर रही फिल्म Avengers: Doomsday को लेकर भारत में भी माहौल बनना शुरू हो गया है. फिल्म की रिलीज में अभी करीब एक महीने का समय बाकी है, लेकिन दर्शकों का उत्साह इतना ज्यादा है कि 17 नवंबर से ही इसकी एडवांस टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है. यानी अब फैंस को फिल्म देखने के लिए रिलीज के दिन तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है. वे अभी से अपनी पसंदीदा सीट बुक कर सकते हैं.

सोशल मीडिया कैंपेन के बाद खुला बुकिंग का रास्ता

दरअसल, फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू करने की मांग काफी समय से उठ रही थी. मार्वल फैंस ने सोशल मीडिया पर #OpenDoomsdayBookings हैशटैग के साथ अभियान चलाया था. इसके जरिए दर्शक सिनेमाघरों और टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म से जल्द टिकट बिक्री शुरू करने की मांग कर रहे थे. आखिरकार 17 नवंबर को इस मांग पर अमल हुआ और BookMyShow तथा District जैसे प्लेटफॉर्म पर फिल्म के शो की लिस्टिंग दिखाई देने लगी.

मुंबई, दिल्ली-NCR और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में भी फिल्म को लेकर काफी उत्साह है. कई दर्शक रिलीज के पहले दिन का शो देखने के लिए अपनी सीट पक्की करने में जुटे हैं.

मिडनाइट शो के लिए भी शुरू हुई तैयारी

फिल्म 17 दिसंबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी. खास बात यह है कि भारत में इसकी रिलीज अमेरिका से एक दिन पहले रखी गई है. दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए कई मल्टीप्लेक्स आधी रात के शो और अतिरिक्त स्क्रीनिंग की तैयारी कर रहे हैं.

PVR आईनॉक्स समेत कई सिनेमाघरों में 17 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे से बुकिंग शुरू हुई. शुरुआती लिस्टिंग में प्रीमियम 'इनफिनिटी विजन सर्टिफाइड' स्क्रीन को जगह मिली है. वहीं, दूसरे स्क्रीनिंग फॉर्मेट भी जल्द जुड़ सकते हैं.

केरल में फिल्म का क्रेज कुछ अलग ही देखने को मिला. तिरुवनंतपुरम के एरीज प्लेक्स SL सिनेमाज ने 17 दिसंबर की रात 12:01 बजे होने वाली स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए सुबह 10 बजे ही टिकट बुकिंग शुरू कर दी थी. यह शो फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो होगा.

420 रुपये से शुरू टिकट की कीमत

टिकट की कीमतों की बात करें तो BookMyShow पर शुरुआती टिकट करीब 420 रुपये में उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है. वहीं, प्रीमियम स्क्रीन पर फिल्म देखने के लिए दर्शकों को करीब 1,500 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं. फिल्म अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में रिलीज होगी.

एक साथ नजर आएंगे मार्वल के कई बड़े सुपरहीरो

रूसो ब्रदर्स के निर्देशन में बनी Avengers: Doomsday एवेंजर्स सीरीज की पांचवीं फिल्म है और MCU की 39वीं फिल्म होगी. इसमें मार्वल की अलग-अलग फिल्मों के कई चर्चित किरदार एक साथ नजर आएंगे.

फिल्म में एंथनी मैकी के सैम विल्सन यानी कैप्टन अमेरिका, क्रिस हेम्सवर्थ के थॉर और क्रिस इवांस के स्टीव रोजर्स की वापसी दर्शकों के लिए खास आकर्षण है. ऐसे में सवाल सिर्फ इतना है कि क्या यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी वैसा ही धमाका करेगी, जैसा इसका क्रेज एडवांस बुकिंग में देखने को मिल रहा है.