ENTERTAINMENT

Netflix पर क्राइम-सस्पेंस का तड़का, वीकेंड पर जरूर देखें ये 10 धांसू वेब सीरीज

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): वीकेंड पर घर बैठे कोई ऐसी वेब सीरीज देखने का मन है, जिसमें क्राइम के साथ भरपूर सस्पेंस भी मिले, तो Netflix पर कई अच्छे ऑप्शन मौजूद हैं. किसी में पुलिस एक उलझे हुए मर्डर केस को सुलझाती नजर आती है, तो किसी में अपराध की दुनिया का ऐसा खेल देखने को मिलता है, जहां हर किरदार अपने साथ कोई न कोई राज छिपाए बैठा है. खास बात यह है कि इनमें कई भारतीय सीरीज भी शामिल हैं, जिनकी कहानी आपको आखिरी एपिसोड तक बांधे रख सकती है. चलिए ऐसी ही 10 क्राइम-थ्रिलर सीरीज के बारे में जानते हैं.

1. दिल्ली क्राइम

क्राइम सीरीज पसंद करने वालों के बीच 'दिल्ली क्राइम' काफी चर्चित नाम है. इसमें गंभीर अपराधों की जांच और पुलिस की मेहनत को करीब से दिखाया गया है. कहानी को ज्यादा फिल्मी बनाने के बजाय इसे गंभीर अंदाज में पेश किया गया है.

2. कोहरा

पंजाब की जमीन पर बनी 'कोहरा' की कहानी एक हत्या से शुरू होती है. पुलिस जैसे-जैसे मामले की जांच आगे बढ़ाती है, कई पुराने राज खुलते जाते हैं. क्राइम के साथ रिश्तों की उलझन भी इसकी कहानी को दिलचस्प बनाती है.

3. खाकी: द बिहार चैप्टर

पुलिस और अपराधी की सीधी टक्कर देखना पसंद है तो यह सीरीज आपके काम की हो सकती है. कहानी बिहार के माहौल में आगे बढ़ती है, जहां एक पुलिस अधिकारी एक खतरनाक अपराधी को पकड़ने की कोशिश करता है. इस दौरान राजनीति और अपराध का खेल भी देखने को मिलता है.

4. ब्लैक वारंट

इस सीरीज की कहानी जेल की चारदीवारी के अंदर की दुनिया दिखाती है. एक युवा जेल अधिकारी तिहाड़ में काम शुरू करता है और धीरे-धीरे वहां की ऐसी सच्चाइयों से उसका सामना होता है, जिनकी उसने उम्मीद भी नहीं की थी.

5. जामताड़ा: सबका नंबर आएगा

ऑनलाइन और फोन के जरिए होने वाली ठगी को समझना है तो 'जामताड़ा' दिलचस्प सीरीज है. इसमें छोटे शहर के कुछ लड़कों की कहानी दिखाई गई है, जो फोन कॉल के जरिए लोगों को फंसाकर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाते हैं.

6. सेक्रेड गेम्स

'सेक्रेड गेम्स' Netflix की सबसे चर्चित भारतीय सीरीज में गिनी जाती है. कहानी एक पुलिस अधिकारी और गैंगस्टर के बीच शुरू हुए खेल के साथ आगे बढ़ती है. एक फोन कॉल के बाद पुलिस अधिकारी के सामने कई ऐसे राज आते हैं, जो बड़े खतरे की तरफ इशारा करते हैं.

7. डब्बा कार्टेल

कुछ आम महिलाओं की जिंदगी अचानक अपराध की दुनिया से जुड़ जाए तो क्या होगा. 'डब्बा कार्टेल' इसी कहानी को आगे बढ़ाती है. पैसा और ड्रग्स का खेल बढ़ने के साथ इन महिलाओं के लिए मुश्किलें भी बढ़ती जाती हैं.

8. कैट

पंजाब के बैकग्राउंड में बनी 'कैट' अपराध और ड्रग्स की दुनिया दिखाती है. कहानी का मुख्य किरदार हालात के कारण एक बार फिर उस खतरनाक दुनिया में पहुंच जाता है, जिससे वह दूर रहना चाहता था.

9. अरण्यक

पहाड़ों के शांत माहौल के बीच एक अपराध पूरी कहानी बदल देता है. मामले की जांच शुरू होने के बाद नए-नए राज सामने आते हैं. मिस्ट्री और क्राइम का मेल पसंद करने वालों को 'अरण्यक' पसंद आ सकती है.

10. ये काली काली आंखें

इस सीरीज में प्यार की कहानी बहुत जल्दी क्राइम और सस्पेंस में बदल जाती है. एक युवक की जिंदगी उस समय मुश्किल हो जाती है, जब एक ताकतवर परिवार की लड़की उसे पाने की जिद पर अड़ जाती है. इसके बाद कहानी लगातार नए मोड़ लेती है.

अगर आप क्राइम और सस्पेंस वाली कहानियों के शौकीन हैं, तो ये सीरीज आपके वीकेंड को मजेदार बना सकती हैं. हर सीरीज का अंदाज अलग है. कहीं पुलिस और अपराधियों के बीच टक्कर देखने को मिलेगी, तो कहीं एक मर्डर केस के पीछे छिपे राज आपको चौंकाएंगे. कुछ सीरीज आपको जेल और ऑनलाइन ठगी की दुनिया में भी लेकर जाती हैं. ऐसे में अपनी पसंद की सीरीज चुनिए, Netflix खोलिए और तैयार हो जाइए क्राइम, सस्पेंस और ट्विस्ट से भरी कहानियों के लिए.