ENTERTAINMENT

क्या 'कल्कि 2898 AD' में दीपिका की जगह लेंगी आलिया भट्ट? मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
क्या 'कल्कि 2898 AD' में दीपिका की जगह लेंगी आलिया भट्ट? मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): प्रभास स्टारर फिल्म 'कल्कि 2898 AD' ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी. फिल्म की कहानी, विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. अब फिल्म के दूसरे भाग को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं. खासकर दीपिका पादुकोण के फिल्म से अलग होने के बाद नए कलाकारों की एंट्री को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आ रही हैं.

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट 'कल्कि 2898 AD पार्ट 2' में नजर आने वाली हैं. आलिया को फिल्म में एक अहम किरदार के लिए चुना गया है, हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है. इन खबरों के सामने आने के बाद फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई.

शुरुआत में यह माना जा रहा था कि आलिया भट्ट फिल्म में दीपिका पादुकोण के किरदार की जगह लेने वाली हैं. हालांकि बाद में कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि अगर आलिया फिल्म में शामिल होती हैं तो उनका किरदार पूरी तरह नया होगा. इन खबरों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा होती रही, लेकिन फिल्म की टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.

अब फिल्म से जुड़े एक आधिकारिक प्रतिनिधि ने इन सभी खबरों पर स्थिति साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि आलिया भट्ट की कास्टिंग को लेकर अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है. साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हैदराबाद में किसी प्रकार की शूटिंग नहीं हुई है. उनके अनुसार सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट को कई लोगों ने बिना पुष्टि के खबर के रूप में साझा करना शुरू कर दिया, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई.

दरअसल, दीपिका पादुकोण के फिल्म से अलग होने के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि उनकी जगह कौन लेगा. दीपिका ने पहली फिल्म में सुमति यानी SUM-80 का महत्वपूर्ण किरदार निभाया था. उनकी भूमिका कहानी का अहम हिस्सा थी और दर्शकों ने उनके अभिनय को काफी सराहा था. ऐसे में उनके फिल्म से बाहर होने की खबर ने फैंस को हैरान कर दिया था.

फिल्म निर्माण कंपनी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि दीपिका पादुकोण अब 'कल्कि 2898 AD' के अगले भाग का हिस्सा नहीं होंगी. कंपनी ने अपने बयान में कहा था कि आपसी विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्षों ने अलग होने का फैसला लिया है. साथ ही दीपिका को उनके भविष्य के प्रोजेक्ट्स के लिए शुभकामनाएं भी दी गई थीं.

इससे पहले अभिनेत्री साई पल्लवी का नाम भी चर्चा में आया था. माना जा रहा था की वह दीपिका के किरदार को निभा सकती हैं. हालांकि बाद में यह जानकारी भी केवल अटकल साबित हुई और मेकर्स की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई.

फिलहाल 'कल्कि 2898 AD पार्ट 2' की कास्टिंग को लेकर कई तरह की चर्चाएं जारी हैं. लेकिन फिल्म की टीम ने साफ कर दिया है कि किसी भी नए कलाकार को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में फैंस को अब मेकर्स की आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा कि फिल्म में कौन-कौन से नए चेहरे नजर आएंगे.