TNP DESK:मिर्जापुर’ ने ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है और अब इस चर्चित फ्रेंचाइजी की कहानी बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है. ‘मिर्जापुर द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें फैंस को कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे पसंदीदा किरदारों की झलक देखने को मिली है. पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, जितेंद्र कुमार और श्वेता त्रिपाठी समेत कई जाने-पहचाने चेहरे फिल्म का हिस्सा हैं. ट्रेलर के साथ ही कलाकारों की कथित फीस को लेकर भी सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है.
पंकज त्रिपाठी की फीस सबसे ज्यादा बताई जा रही
फिल्म में कालीन भैया के किरदार में नजर आने वाले पंकज त्रिपाठी को कथित तौर पर सबसे ज्यादा फीस मिली है. न्यूज18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने फिल्म के लिए करीब 15 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कालीन भैया के किरदार की लोकप्रियता और पंकज त्रिपाठी की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस को देखते हुए उनकी फीस को लेकर यह दावा चर्चा में है.
अली फजल को मिल सकते हैं करीब 4 करोड़
गुड्डू पंडित का किरदार निभाकर अली फजल ने ‘मिर्जापुर’ में अपनी खास पहचान बनाई है. फिल्म में भी वह इसी किरदार को आगे बढ़ाते नजर आएंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार, अली फजल को ‘मिर्जापुर द मूवी’ के लिए करीब 4 करोड़ रुपये फीस मिलने की बात कही जा रही है. कहानी में कालीन भैया के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के तौर पर गुड्डू पंडित की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है.
मुन्ना त्रिपाठी की वापसी, दिव्येंदु की फीस पर भी चर्चा
दिव्येंदु शर्मा का मुन्ना त्रिपाठी वाला किरदार फ्रेंचाइजी के सबसे चर्चित पात्रों में रहा है. फिल्म में उनकी वापसी ने फैंस की दिलचस्पी और बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिव्येंदु को इस फिल्म के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये फीस मिलने की बात सामने आई है. ट्रेलर में उनकी मौजूदगी से संकेत मिलता है कि फिल्म में एक बार फिर सत्ता, दुश्मनी और बदले की कहानी देखने को मिलेगी.
जितेंद्र कुमार और श्वेता त्रिपाठी को कितनी फीस
‘पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार भी इस बार ‘मिर्जापुर’ की दुनिया में नजर आएंगे. वह बबलू पंडित की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे वेब सीरीज में विक्रांत मैसी ने निभाया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, जितेंद्र कुमार की फीस करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
वहीं, श्वेता त्रिपाठी एक बार फिर गोलू गुप्ता के किरदार में दिखाई देंगी. रिपोर्ट्स में उनकी फीस करीब 9 लाख रुपये बताई गई है. हालांकि, दोनों कलाकारों की फीस को लेकर मेकर्स या कलाकारों की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
250 करोड़ रुपये का बताया जा रहा बजट
फिल्म में रवि किशन और रसिका दुग्गल जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. उनकी फीस से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का अनुमानित बजट करीब 250 करोड़ रुपये है. हालांकि, बजट और कलाकारों की फीस से जुड़े आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म को Amazon MGM Studios और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं. ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
ट्रेलर में फिर दिखा मिर्जापुर का पुराना अंदाज
फिल्म के ट्रेलर में एक बार फिर खून-खराबे, सत्ता की लड़ाई और बदले की झलक दिखाई गई है. ट्रेलर की शुरुआत कालीन भैया के किरदार से होती है, जिसके बाद गुड्डू, मुन्ना और अन्य प्रमुख पात्रों की झलक सामने आती है. रवि किशन भी इस बार अलग और खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं.
ट्रेलर को देखकर साफ है कि मेकर्स ने ओटीटी वाली ‘मिर्जापुर’ की पहचान को बड़े पर्दे के हिसाब से ज्यादा भव्य बनाने की कोशिश की है. एक्शन और हिंसा के साथ पुराने किरदारों की वापसी फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है.
2018 में शुरू हुई थी फ्रेंचाइजी
‘मिर्जापुर’ की शुरुआत 2018 में हुई थी. पहले सीजन को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. इसके बाद 2020 में दूसरा सीजन आया, जबकि तीसरा सीजन 5 जुलाई 2024 को रिलीज हुआ. तीनों सीजन में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे किरदारों ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई.
अब यही कहानी फिल्म के रूप में सिनेमाघरों तक पहुंचने वाली है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘मिर्जापुर द मूवी’ बड़े पर्दे पर भी वही भौकाल कायम कर पाएगी, जो इस फ्रेंचाइजी ने ओटीटी पर बनाया है.
