टीएनपी डेस्क (TNP DESK): सस्पेंस और थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप भी अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे, तो अब आपको इसके लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद यह फिल्म अब OTT पर रिलीज होने जा रही है. विजय सलगांवकर एक बार फिर अपनी कहानी और दिमागी चालों के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं. इस बार कहानी में पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू होती है और उनके सामने एक नया पुलिस अधिकारी चुनौती बनकर खड़ा है. ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी एक बार फिर बढ़ गई है. आइए जानते हैं कि 'दृश्यम 3' कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे.
इस दिन नेटफ्लिक्स पर आएगी 'दृश्यम 3'
अजय देवगन की 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इसने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 594.89 करोड़ रुपये की कमाई की. शानदार कमाई के साथ फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई. अब थिएटर्स में अपना सफर पूरा करने के बाद फिल्म ओटीटी पर आने के लिए तैयार है.
फिल्म 27 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. यानी जिन दर्शकों ने इसे बड़े पर्दे पर नहीं देखा, वे अब घर बैठे इसका आनंद ले सकेंगे. OTT पर रिलीज होने के बाद फिल्म उन लोगों तक भी पहुंचेगी, जो सस्पेंस और क्राइम थ्रिलर देखना पसंद करते हैं.
क्या है फिल्म की कहानी
'दृश्यम' की पहचान उसकी ऐसी कहानी रही है, जिसमें हर मोड़ पर दर्शकों के सामने नया सवाल खड़ा होता है. तीसरी फिल्म में भी सैम की हत्या का पुराना मामला फिर से खुल जाता है. इस बार पुलिस पहले से ज्यादा तैयारी के साथ जांच में जुटती है. विजय सलगांवकर के सामने नई चुनौती बनकर आते हैं जयदीप अहलावत, जो फिल्म में राजवीर सिंह तोमर का किरदार निभा रहे हैं.
अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के रूप में नजर आते हैं. विजय पेशे से केबल ऑपरेटर हैं, लेकिन अपने परिवार को बचाने के लिए उनकी समझदारी और सूझबूझ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बन जाती है. परिवार पर आए संकट के बीच वह हर कदम सोच-समझकर उठाते हैं. पुलिस की जांच आगे बढ़ती है, लेकिन विजय भी हर बार उससे एक कदम आगे रहने की कोशिश करते हैं.
फिल्म की कहानी में परिवार, पुलिस की जांच और पुराने राज के बीच टकराव देखने को मिलता है. यही वजह है कि दर्शकों को एक बार फिर विजय की अगली चाल जानने की उत्सुकता रहेगी.
जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी अहम भूमिका में
फिल्म में अजय देवगन के अलावा कई जाने-पहचाने कलाकार नजर आएंगे. तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव ने भी अपने पुराने किरदारों को आगे बढ़ाया है. वहीं जयदीप अहलावत क्राइम ब्रांच के अधिकारी राजवीर सिंह तोमर की भूमिका में हैं. प्रकाश राज फिल्म में वकील के किरदार में दिखाई देते हैं.
इन कलाकारों की मौजूदगी कहानी को और दिलचस्प बनाती है. खास तौर पर अजय देवगन और जयदीप अहलावत के बीच होने वाला टकराव फिल्म का अहम हिस्सा है.
मोहनलाल की फिल्म से कैसे अलग है हिंदी 'दृश्यम 3'
हिंदी 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी मलयालम अभिनेता मोहनलाल की इसी नाम की फिल्मों पर आधारित है. पहली हिंदी फिल्म साल 2015 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन निशिकांत कामत ने किया था. इसके बाद 2022 में 'दृश्यम 2' आई, जिसमें अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में नजर आए थे.
हालांकि, तीसरी हिंदी फिल्म की कहानी मोहनलाल की 'दृश्यम 3' से अलग रखी गई है. 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. उन्होंने आमिल कीयान खान और परवेज शेख के साथ मिलकर इसकी कहानी लिखी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि OTT पर रिलीज होने के बाद विजय सलगांवकर की यह कहानी दर्शकों को कितना पसंद आती है.