टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला अब लगातार गंभीर होता जा रहा है. इस मामले में पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है. इसी कड़ी में मुंबई पुलिस ने आरोपी अभिषेक पंडित के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. पुलिस को आशंका है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए देश छोड़कर विदेश भाग सकता है. LOC जारी होने के बाद अब देश के सभी एयरपोर्ट पर उसकी आवाजाही को लेकर अलर्ट रहेगा.
कौन है अभिषेक पंडित और क्या है उसका रोल
पुलिस जांच के मुताबिक, अभिषेक पंडित इस मामले के मास्टरमाइंड अनिल पंडित का भाई है. उस पर फायरिंग की घटना में शामिल गिरफ्तार आरोपियों को आर्थिक मदद पहुंचाने का आरोप है. जांच एजेंसियों को शक है कि वह गैंग के पैसों से जुड़े पूरे नेटवर्क को संभालने में अहम भूमिका निभा रहा था. हालांकि, मामले में उसकी भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है.
गिरफ्तारी से पहले हो गया फरार
मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम अभिषेक पंडित को गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा के करनाल पहुंची थी. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से फरार हो गया. इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. वहीं, इस मामले में उसकी पत्नी सुनेहा पंडित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
आर्थिक नेटवर्क की भी हो रही जांच
मुंबई पुलिस अब सिर्फ फायरिंग की घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों को आर्थिक मदद कहां से मिल रही थी और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही है.
फिलहाल इस केस में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अभिषेक पंडित पुलिस की पकड़ से बाहर है. LOC जारी होने के बाद अब उसके विदेश जाने की कोशिश पर भी नजर रखी जाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि इससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलेगी.