ENTERTAINMENT

संध्या थिएटर भगदड़ केस: अल्लू अर्जुन की फिर बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने टाली सुनवाई

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
संध्या थिएटर भगदड़ केस: अल्लू अर्जुन की फिर बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने टाली सुनवाई

टीएनपी(TNP): हैदराबाद के फेमस संध्या थिएटर भगदड़ मामले में एक्टर अल्लू अर्जुन को फिलहाल राहत नहीं मिली है. नामपल्ली कोर्ट ने मामले की सुनवाई आगे बढ़ा दी है. सोमवार को अल्लू अर्जुन कोर्ट में वर्चुअली पेश हुए. जबकि अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए समन जारी किया था.

अल्लू अर्जुन की लीगल टीम ने कोर्ट को बताया कि अभिनेता इन दिनों मुंबई में अपनी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं. इसी वजह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अनुमति मांगी गई थी. अदालत ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया.

इस मामले में पुलिस पहले ही डीटेल चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. चार्जशीट में कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है. संध्या थिएटर के प्रबंधन से जुड़े लोगों को आरोपी नंबर 1 से 10 तक रखा गया है. वहीं अल्लू अर्जुन का नाम आरोपी नंबर 11 के तौर पर शामिल किया गया है. कोर्ट ने मामले में शामिल कई आरोपियों को नोटिस जारी कर अगली सुनवाई में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.

मामला 4 दिसंबर 2024 का है, फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के लिए संध्या थिएटर में विशेष शो रखा गया था. फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह था और हजारों लोग थिएटर के बाहर जमा हो गए थे. भीड़ लगातार बढ़ती गई और हालात धीरे-धीरे नियंत्रण से बाहर हो गए.

पुलिस जांच के मुताबिक, अल्लू अर्जुन के थिएटर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक एंट्री गेट की ओर दौड़ पड़े. अचानक बढ़े दबाव के कारण सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. इसी दौरान भगदड़ मच गई. इस दर्दनाक घटना में रेवती नाम की महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था.

जांच एजेंसियों का कहना है कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में कई स्तर पर लापरवाही हुई थी. चार्जशीट में थिएटर प्रशासन, सुरक्षा कर्मचारियों और आयोजन से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी भी तय की गई है. पुलिस का मानना है कि पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ.

हादसे के बाद 13 दिसंबर 2024 को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. बाद में अभिनेता ने तेलंगाना हाईकोर्ट में अंतरिम जमानत की याचिका दायर की. हाईकोर्ट ने उन्हें 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर अंतरिम जमानत दे दी थी. अगले दिन सुबह उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया.

जेल से बाहर आने के बाद अल्लू अर्जुन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना पर दुख जताया था. उन्होंने कहा था कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था और उनका पीड़ित परिवार के प्रति पूरा समर्थन है. अभिनेता ने घायल बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक और मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराई थी. अब इस मामले की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.