ENTERTAINMENT

4 जून को रिलीज होगी राम चरण की 'पेड्डी', टिकट प्राइस जानकर रह जाएंगे हैरान!

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है. यह स्पोर्ट्स ड्रामा 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और इसकी एडवांस तैयारियां भी तेज हो गई हैं.

 फिल्म के निर्माताओं ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में विशेष शो आयोजित करने के साथ टिकट दरों में बढ़ोतरी की अनुमति मांगी थी. हालांकि, प्रशासन ने यह मंजूरी केवल आंध्र प्रदेश में दी है.

 राज्य में 3 जून की रात 8 बजे से 'पेड्डी' के प्रीमियर शो शुरू किए जाएंगे. इसके साथ ही टिकट की कीमतों में भी इजाफा किया गया है. जीएसटी सहित एक टिकट की कीमत करीब 600 रुपये तक पहुंच सकती है. वहीं, रिलीज के पहले सप्ताह के लिए सिंगल स्क्रीन थिएटरों में टिकट पर 100 रुपये और मल्टीप्लेक्स में 125 रुपये अतिरिक्त लेने की अनुमति दी गई है.

फिल्म को प्रतिदिन पांच शो चलाने की भी मंजूरी मिली है. माना जा रहा है कि इससे शुरुआती सप्ताह में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को बड़ा फायदा मिल सकता है. अधिक शो और बढ़ी हुई टिकट दरें फिल्म की कमाई को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती हैं.

दूसरी ओर, तेलंगाना में टिकट दर बढ़ाने को लेकर दाखिल की गई याचिका पर हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली. अदालत ने राज्य सरकार को इस मामले में कोई विशेष निर्देश देने से इनकार कर दिया. इसके बाद निर्माताओं ने अपनी याचिका वापस लेने का फैसला किया.

फिल्म 'पेड्डी' में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर, शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है. दमदार स्टारकास्ट और खेल आधारित कहानी की वजह से इसे साल की सबसे चर्चित तेलुगु फिल्मों में गिना जा रहा है.