ENTERTAINMENT

'नो मोर वॉर' का अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जलवा, कोलकाता और श्रीलंका फिल्म फेस्टिवल के लिए हुई नॉमिनेट

Diksha Benipuri
Copy Editor
'नो मोर वॉर' का अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जलवा, कोलकाता और श्रीलंका फिल्म फेस्टिवल के लिए हुई नॉमिनेट

TNP DESK: देश-दुनिया में जारी युद्ध और हिंसा के माहौल के बीच प्यार, शांति और मानवता का संदेश देने वाली शॉर्ट फिल्म 'नो मोर वॉर (No More War)' ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. नौरास फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म का चयन प्रतिष्ठित विवेकानंद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, कोलकाता के लिए किया गया है. फिल्म का प्रदर्शन 21 जून को साइंस सिटी, कोलकाता में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में किया जाएगा.

 इतना ही नहीं, फिल्म को श्रीलंका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए भी आधिकारिक रूप से चुना गया है. मौजूदा वैश्विक हालातों के बीच यह चयन फिल्म के मजबूत और प्रासंगिक संदेश को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने का संकेत माना जा रहा है.

 लेखक और निर्देशक अमित अक्षत की यह फिल्म 10 वर्षीय बच्चे शुभ की संवेदनशील कहानी पर आधारित है, जिसका किरदार अभिनेता श्रेष्ठ ने निभाया है. अपने जन्मदिन पर टीवी पर युद्ध और त्रासदी की खबरें देखने के बाद शुभ गहरे सोच में पड़ जाता है. जब उसके पिता उसे उपहार में खिलौना बंदूक देते हैं, तो वह हिंसा के प्रतीक इस खिलौने को लेने से मना कर देता है और शांति का संदेश देता है.

 फिल्म में मनोज सहाय, मेहुल प्रसाद, संदिपिका रॉय और अवनिश भारद्वाज ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. कहानी यह संदेश देती है कि मानव जीवन हथियारों और युद्ध के लिए नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और मानवता के विस्तार के लिए बना है.

 'नो वेपन, ओनली लव' के संदेश को केंद्र में रखकर बनाई गई इस फिल्म की तकनीकी टीम ने भी सराहनीय काम किया है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी नीरज और सुमित ने की है, जबकि सचिन महली ने संगीत और संपादन की जिम्मेदारी संभाली है.

 निर्देशक अमित अक्षत और उनकी टीम को उम्मीद है कि कोलकाता और श्रीलंका जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से उठने वाली यह आवाज दुनिया के नीति-निर्माताओं तक पहुंचेगी और शांति, प्रेम तथा मानवता के पक्ष में एक मजबूत वैचारिक संदेश देने में सफल होगी.