ENTERTAINMENT

30 साल की उम्र में थम गई जिंदगी, संचिता उगले के निधन से सदमे में टीवी इंडस्ट्री

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री संचिता उगले अब हमारे बीच नहीं रहीं. उन्होंने मुंबई के नालासोपारा स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली. इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस, दोस्त और इंडस्ट्री से जुड़े लोग गहरे सदमे में हैं.

सोमवार सुबह जब यह घटना सामने आई तो इलाके में भी हलचल मच गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसकी वजह से यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है. आखिर ऐसा क्या हुआ कि अपने करियर में लगातार आगे बढ़ रही अभिनेत्री ने इतना बड़ा कदम उठा लिया, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है.

संचिता उगले ने टीवी की दुनिया में अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाई थी. उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया और अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. जी टीवी के चर्चित शो "कुमकुम भाग्य" में निभाया गया उनका किरदार आज भी दर्शकों को याद है. इसी शो ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई और वह लाखों दर्शकों की पसंदीदा अभिनेत्री बन गईं.

इसके बाद उन्होंने कई अन्य प्रोजेक्ट्स में भी अपनी प्रतिभा दिखाई. "वागले की दुनिया" में उनका काम काफी सराहा गया. वहीं दंगल टीवी के शो "दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी" में उन्हें मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला. इस शो में उन्होंने अपने अभिनय से साबित किया कि वह किसी भी तरह के किरदार को पूरी ईमानदारी से निभा सकती हैं.

छोटे पर्दे के अलावा संचिता ने फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी काम किया. हाल ही में वह ऐतिहासिक फिल्म "छावा" में नजर आई थीं, जहां उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. इसके अलावा "साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट" जैसे प्रोजेक्ट्स में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग का दम दिखाया. धीरे-धीरे वह मनोरंजन जगत में अपनी मजबूत पहचान बना रही थीं और उनके करियर को लेकर कई उम्मीदें भी की जा रही थीं.

लेकिन अब उनकी अचानक मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया है. सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में एक प्रतिभाशाली कलाकार का चले जाना इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी को उस रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे इस घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

संचिता उगले भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन अपने अभिनय, मेहनत और यादगार किरदारों के जरिए वह हमेशा अपने प्रशंसकों के दिलों में जिंदा रहेंगी.