ENTERTAINMENT

क्या सच में दिलीप जोश उर्फ़ जेठालाल छोड़ रहे तारक मेहता का उल्टा चश्मा! जानिए क्या है वजह

Diksha Benipuri
Copy Editor
क्या सच में दिलीप जोश उर्फ़  जेठालाल छोड़ रहे तारक मेहता का उल्टा चश्मा! जानिए क्या है वजह

TNP DESK: टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में जेठालाल का किरदार निभाने वाले दिलीप जोशी को लेकर हाल के दिनों में कई तरह की चर्चाएं सामने आईं. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शो में उनकी स्क्रीन टाइम कम की जा सकती है और कहानी का फोकस नए किरदारों की ओर बढ़ाया जा रहा है. हालांकि, अब शो के निर्माताओं ने इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.

दरअसल, शो में हाल ही में एक नए राजस्थानी परिवार की एंट्री हुई है. इस परिवार में रतन सिंह बिंजोला, उनकी पत्नी रूपा और उनके दो बच्चे वीर और बांसरी शामिल हैं. रतन सिंह का किरदार कुलदीप गौर निभा रहे हैं, जबकि रूपा के रोल में धरती भट्ट नजर आ रही हैं. वहीं, वीर और बांसरी की भूमिका क्रमशः अक्षय सेहरावत और माही भद्रा निभा रहे हैं. यह परिवार साड़ी के कारोबार से जुड़ा हुआ है और हाल के कई एपिसोड में उनकी कहानी और गणेश चतुर्थी जैसे आयोजनों को प्रमुखता से दिखाया गया.

इसी बीच, कुछ एपिसोड में जेठालाल की गैरमौजूदगी और बाघा-बावरी की कहानी पर ज्यादा फोकस होने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि शो की कहानी धीरे-धीरे जेठालाल से हटकर नए किरदारों की ओर बढ़ रही है. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि दिलीप जोशी का स्क्रीन टाइम कम किया जा सकता है.

इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए शो के निर्माताओं ने आज तक से बातचीत में साफ कहा कि ऐसी सभी बातें पूरी तरह निराधार हैं. उनका कहना है कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की मुख्य कहानी आज भी जेठालाल के इर्द-गिर्द ही घूमती है. उन्होंने यह भी बताया कि शो के हालिया प्रोमो में भी जेठालाल को प्रमुखता से दिखाया गया है.

मेकर्स ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से चल रहे इस शो को रोचक बनाए रखने के लिए समय-समय पर नए किरदार और नई कहानियां जोड़ी जाती हैं. इसका मतलब यह नहीं है कि जेठालाल के किरदार को पीछे किया जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिलीप जोशी का किरदार आगे भी शो का सबसे अहम हिस्सा बना रहेगा.