☰
ENTERTAINMENT

इंडियन टेलीविज़न की स्टार जेनिफर विंगेट दूसरी बार रचाएंगी शादी! जानिए कौन हैं बिजनेसमैन विलियम इश्माएल

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ शादी करने की तैयारी में हैं. बताया जा रहा है कि दोनों 16 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम (यूके) में एक निजी समारोह में शादी कर सकते हैं, हालांकि इस संबंध में अभी तक जेनिफर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समारोह बेहद निजी रखा गया है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया है. कहा जा रहा है कि दोनों क्रिश्चियन रीति-रिवाज से विवाह करेंगे और मीडिया की चकाचौंध से दूर इस खास दिन को अपने करीबियों के साथ बिताना चाहते हैं. पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते की चर्चा होती रही, लेकिन दोनों ने सार्वजनिक रूप से कभी अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की.

विलियम इश्माएल सिंगापुर में रहने वाले एक बिजनेसमैन हैं. वह एमएचसी डिजिटल ग्रुप में बिजनेस डेवलपमेंट और ट्रेडिंग के डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वह लंबे समय तक यूबीएस इन्वेस्टमेंट बैंक से जुड़े रहे और वित्तीय क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने यॉर्क यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स और फाइनेंस की पढ़ाई की है. अपने कॉर्पोरेट अनुभव और निवेश क्षेत्र में विशेषज्ञता के कारण वह बिजनेस जगत में एक जाना-पहचाना नाम माने जाते हैं.

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि जेनिफर अपने खास दिन पर मशहूर डिजाइनर कार्लियो का डिजाइन किया हुआ सफेद ब्राइडल गाउन पहन सकती हैं. हालांकि शादी से जुड़ी तैयारियों या ब्राइडल लुक को लेकर भी अभिनेत्री की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.

जेनिफर विंगेट की यह दूसरी शादी होगी. इससे पहले उन्होंने 2012 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी, लेकिन 2014 में दोनों अलग हो गए. इसके बाद जेनिफर ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा और पूरी तरह अपने करियर पर ध्यान दिया. 'कसौटी जिंदगी की', 'दिल मिल गए', 'सरस्वतीचंद्र', 'बेपनाह' और खासकर 'बेहद' में माया मेहरोत्रा के किरदार ने उन्हें टीवी की सबसे सफल अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया. अब उनकी कथित शादी की खबरों ने एक बार फिर फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि का इंतजार अभी बाकी है.